सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करेरा में रोगी कल्याण समिति की बैठक संपन्न
शिवपुरी, / विधायक करैरा रमेश प्रसाद खटीक ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करैरा में आयोजित रोगी कल्याण समिति की बैठक में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि मरीज को खिड़की से ना देखा जाए बल्कि पूर्व की भांति स्टूल पर बिठाकर उनकी जांच उपरांत उपचार किया जाए। पानी की समस्या को लेकर नगर पंचायत एवं पीएचई विभाग द्वारा एक-एक बोर कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 में जितनी भी एमएलसी जिस चिकित्सक द्वारा की गई है सभी की विस्तृत जानकारी भी मांगी। विधायक ने ईसीजी मशीन क्रय किए जाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की कमी के लिए एक प्रस्ताव बनाकर मुझे दें जिससे में उच्च स्तरीय मांग करके चिकित्सकों की पूर्ति करा सकूं। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ मरीज को मिले तथा आशा कार्यकर्ताओं को ज्यादा से ज्यादा जोड़ा जाए, पूर्व में लगी आशा कार्यकर्ताओं को न हटाया जाए। उन्होंने अस्पतालों में दी जा रही सुविधाओं जिनमे जांच, दवा वितरण ,भर्ती वार्ड आदि की जानकारी ली।
बैठक में प्रमुख ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ.प्रदीप शर्मा, नायब तहसीलदार ओ.पी.तिवारी, एडवोकेट धनीराम यादव, मंडल अध्यक्ष हेमंत शर्मा, पूर्व जनपद अध्यक्ष रामस्वरूप रावत, जय प्रकाश सोनी, सुरेश तिवारी, पवन लोधी सहित अनेक कार्यकर्ता, चिकित्सकीय स्टाफ मौजूद था।

0 टिप्पणियाँ