शिवपुरी शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और व्यापारियों को मिल रही धमकियों से आक्रोशित होकर सोमवार को शहर के प्रमुख व्यापारियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एसपी को ज्ञापन सौंपा।
व्यापारियों ने बताया कि बीते दिनों शहर के प्रमुख बाजार स्थित ‘किसान बूट हाउस’ पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा रात्रि में पहुँचकर दुकानदार को जान से मारने की धमकी दी गई और स्टाफ से मारपीट की गई।
इस घटना के बाद व्यापारियों में भय का माहौल व्याप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि जब मुख्य बाजार जैसी भीड़भाड़ वाली जगह पर इस तरह की घटनाएं हो सकती हैं तो इससे पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह लगते हैं।
व्यापारियों ने एसपी से मांग की है कि दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, जिससे असामाजिक तत्वों में पुलिस का डर बना रहे और व्यापारी वर्ग भयमुक्त होकर अपना व्यापार कर सके।
व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ऐसी घटनाओं पर अंकुश नहीं लगाया गया और सुरक्षा व्यवस्था नहीं बढ़ाई गई, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
ज्ञापन देने वालों में कई व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ