शिवपुरी जिले के पोहरी जनपद की ग्राम पंचायत दुल्हारा में मंगलवार सुबह सर्पदंश की घटना ने दो परिवारों को हिला दिया। जहरीले सांप के काटने से दो महिलाएं एक घंटे के भीतर शिकार हो गईं। इनमें से एक महिला की ग्वालियर ले जाते समय मौत हो गई, जबकि दूसरी की हालत झाड़-फूंक के बाद सामान्य बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह दुल्हारा गांव में अलग-अलग घरों में काम कर रहीं दो महिलाएं—बुधिया बाई पत्नी घनश्याम धाकड़ और राजकुमारी बाई पत्नी दामोदर धाकड़—सांप के काटने की शिकार हो गईं। परिजन दोनों को तत्काल सरपंच दिनेश धाकड़ के वाहन से बैराड़ के पास स्थित प्रसिद्ध झाड़-फूंक स्थान दुल्हादेव सिद्ध पर ले गए।
यहां झाड़-फूंक के बाद राजकुमारी की हालत में सुधार आ गया, लेकिन बुधिया की स्थिति बिगड़ती गई। इसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए ग्वालियर लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया।
बुधवार को ग्वालियर पुलिस ने महिला के शव का पीएम कराया है। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
0 टिप्पणियाँ