शिवपुरी में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोलारस थाना पुलिस ने रविवार को बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 7.60 ग्राम स्मैक और एक अल्टो कार जब्त की है। बरामद मसरुका की कुल कीमत करीब 1 लाख 71 हजार रुपये आंकी गई है।
थाना प्रभारी कोलारस रवि चौहान ने बताया कि पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के निर्देश पर प्रदेशभर में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक शिवपुरी अमन सिंह राठौड़ के निर्देशन पर जिले की पुलिस नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई कर रही है।
इसी क्रम में 20 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति सनवारा रोड तालाब के पास तिराहे पर स्मैक बेचने की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक स्लेटी रंग की अल्टो कार (क्रमांक UP 85 AU 7316) को रोका। कार में सवार व्यक्तियों ने अपने नाम सुरेंद्र उर्फ कल्लन पुत्र उमाचरण श्रीवास्तव (28) निवासी स्टेशन रोड, जगतपुर कोलारस और सोनू शाह पुत्र एहसान शाह (32) निवासी लुधावली हवाई पट्टी के पास मादकपुरा शिवपुरी बताए।
तलाशी में उनके पास से 7.60 ग्राम स्मैक और अल्टो कार बरामद हुई, जिसकी कुल कीमत 1 लाख 71 हजार रुपये है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ अपराध क्रमांक 368/25 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है।

0 टिप्पणियाँ