शिवपुरी। शिक्षा के प्रति उत्साह और ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को संबल देने के उद्देश्य से आज युवा नेता सक्षम जैन शिवपुरी विधानसभा के ग्राम गणेशखेड़ा पहुंचे। यहाँ उन्होंने संदीपनी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (सी.एम. राइज स्कूल) में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में कक्षा 9वीं के छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क साइकिलें वितरित कीं।
छात्रों के चेहरे पर खिली मुस्कान
साइकिल पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए सक्षम जैन ने कहा कि, "साइकिल केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के लिए उनके सपनों की उड़ान को गति देने का एक माध्यम है। सरकार और हमारा लक्ष्य है कि दूरी की वजह से किसी भी बच्चे की पढ़ाई न छूटे।"
निर्माणाधीन सी.एम. राइज बिल्डिंग का किया निरीक्षण
साइकिल वितरण के पश्चात सक्षम जैन ने स्कूल स्टाफ और स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ सी.एम. राइज विद्यालय की निर्माणाधीन भव्य बिल्डिंग का सूक्ष्म निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर संबंधितों से चर्चा की और कार्य को समय सीमा में पूर्ण करने की बात कही, ताकि क्षेत्र के बच्चों को जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त विश्वस्तरीय शिक्षा का वातावरण मिल सके।
शिक्षा और विकास पर जोर
निरीक्षण के दौरान सक्षम जैन ने स्कूल स्टाफ से शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है जिससे क्षेत्र का कायाकल्प संभव है। इस दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने सक्षम जैन की इस सक्रियता और छात्रों के प्रति संवेदनशीलता की सराहना की। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक गण, भाजपा के स्थानीय वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ