शिवपुरी के जिला अस्पताल शिवपुरी में गुरुवार को आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों और कंपनी के मैनेजर के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना के बाद नाराज सफाईकर्मियों ने काम बंद कर कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, वहीं मैनेजर ने भी कर्मचारियों पर हाथापाई के आरोप लगाए हैं।
सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि जिला अस्पताल में सफाई कार्य देख रही आउटसोर्स कंपनी संजोग के नए मैनेजर राज यादव द्वारा पिछले कुछ दिनों से करीब 50 कर्मचारियों को परेशान किया जा रहा है। कर्मचारियों के मुताबिक, गुरुवार को मैनेजर ने एक बैठक बुलाकर 10,500 रुपये मासिक वेतन को घटाकर 7,000 रुपये करने की बात कही। साथ ही यह भी कहा गया कि किसी भी स्थिति में छुट्टी नहीं दी जाएगी, और यदि कोई कर्मचारी छुट्टी पर जाता है तो उसकी जगह किसी अन्य कर्मचारी की तैनाती कर दी जाएगी।
बैठक में कर्मचारी दिनेश वाल्मीक ने इस प्रस्ताव का विरोध किया। इसके बाद नाराज कर्मचारी अस्पताल परिसर में एकत्र हो गए। आरोप है कि इसी दौरान मैनेजर राज यादव वहां पहुंचे और दिनेश वाल्मीक की कॉलर पकड़कर मारपीट करने लगे। जब उनकी पत्नी ने बीच-बचाव किया तो उसके साथ भी धक्का-मुक्की की गई। घटना से आक्रोशित कर्मचारियों ने तत्काल काम बंद कर दिया और कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
वहीं, कोतवाली पहुंचे आउटसोर्स कंपनी के मैनेजर राज यादव निवासी शहडोल ने कर्मचारियों के आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि सफाई कर्मचारियों द्वारा बार-बार लंबी छुट्टियां लेने से जिला अस्पताल की साफ-सफाई प्रभावित हो रही थी। इसी वजह से कर्मचारियों के साथ बैठक रखी गई थी, जिसमें केवल यह निर्देश दिए गए थे कि चार निर्धारित छुट्टियों से अधिक लेने पर वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी, ताकि सफाई कार्य बाधित न हो।
मैनेजर ने स्पष्ट किया कि वेतन कटौती को लेकर कोई बात नहीं कही गई थी और हाथापाई कर्मचारियों द्वारा की गई।
फिलहाल, दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

0 टिप्पणियाँ