शिवपुरी जिले के पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी द्वारा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता फूल सिंह बरैया एवं के.पी. सिंह कक्का जू के विरुद्ध कथित रूप से अपमानजनक, निंदनीय एवं अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने के विरोध में गुरुवार को शिवपुरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समाज के लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी पहले माधव चौक पर एकत्रित हुए, जहां से रैली के रूप में भाजपा एवं विधायक प्रीतम सिंह लोधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। वहां पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर विधायक के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने तथा प्रकरण दर्ज करने की मांग की गई।
ये कह दिया था विधायक ने -
ज्ञापन देने पहुंचे लोगों ने कहा कि महिलाओं के साथ हो रहे अन्याय और अत्याचार के विरोध में माननीय फूल सिंह बरैया द्वारा महिलाओं के पक्ष में कही गई बात को तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत किया गया। इसके बाद सत्ता के नशे में चूर होकर विधायक द्वारा की गई टिप्पणी से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।
इस प्रदर्शन में कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष विजय सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं दोनों नेताओं के समर्थक मौजूद रहे।
इस दौरान दयालु जाटव ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सामाजिक सौहार्द पर इस तरह की अभद्र भाषा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि विधायक का बयान घटिया मानसिकता को दर्शाता है, जिससे समाज के कमजोर वर्गों में भारी आक्रोश है। दयालु जाटव ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही विधायक प्रीतम सिंह लोधी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई नहीं की गई तो अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक समाज के लोग बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

0 टिप्पणियाँ