जिले में अवैध रूप से संचालित क्लिनिकों पर शिकंजा कसते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गुरुवार को कोलारस विकासखंड के ग्राम खरई और डेहरवारा में छापामार कार्रवाई की।
सीएमएचओ डॉ. संजय ऋषिश्वर ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा क्षेत्र में बिना अनुमति क्लिनिक संचालित होने की शिकायत की गई थी। इसके बाद डीएचओ डॉ. सुनील खंडोलिया, बीएमओ डॉ. संजय राठौर, एपिडेमियोलॉजिस्ट लालजू शाक्य और फार्मासिस्ट बालेन्दु रघुवंशी की टीम गठित कर मौके पर भेजी गई। ग्राम खरई में जांच
के दौरान अखिलेश पाल द्वारा संचालित मानवी क्लिनिक पर दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वैध पंजीयन प्रस्तुत नहीं करने पर क्लिनिक को सील कर दिया गया।
इसी तरह कार्तिक धाकड़ भी बिना वैध दस्तावेज के क्लिनिक संचालित करते पाया गया, उसका क्लिनिक भी सील किया गया। वहीं नीरज गौतम, सुबल कुमार, रिंकू धाकड़ और अरविंद धाकड़ के क्लिनिक बंद मिले। इसी क्रम में ग्राम डेहरवारा में गणेश कुमार धाकड़, जीतेन्द्र
पाल और संदीप धाकड़ के क्लिनिकों पर भी कार्रवाई की गई। वैध दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर संबंधित क्लिनिकों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। वहां रामनिवास धाकड़ का क्लिनिक बंद पाया गया।
झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ आगे भी औचक निरीक्षण जारी रहेगा, ताकि अवैध चिकित्सा गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
डॉ. संजय ऋषिश्वर, सीएमएचओ शिवपुरी



0 टिप्पणियाँ