शिवपुरी के देहात थाना क्षेत्र में पिपरसमा अनाज मंडी के सामने गुरुवार को स्कूटी और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में 25 वर्षीय युवक अंकेश धाकड़ की मौके पर मौत हो गई। जिसके बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर चक्का जाम कर ब्रेकर बनाने की मांग की
मामा के गांव से लौट रहा था युवक
मृतक अंकेश धाकड़ (25), निवासी ऊंची बरोद, अपने मामा के गांव पिपरसमा से वापस लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि स्कूटी और सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार टक्कर हुई। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई
ट्रैक्टर चालक की लापरवाही की बात
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हादसे की वजह ट्रैक्टर चालक की लापरवाही बताई जा रही है। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और मामा पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से सभी में आक्रोश फैल गया
गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया। उन्होंने मंडी मार्ग पर ब्रेकर बनाने की मांग उठाई, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे रोके जा सकें। चक्का जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मंडी आने-जाने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहन काफी देर तक फंसे रहे
पुलिस ने समझाइश देकर हटवाया जाम
सूचना मिलने पर देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी समझाइश देकर ग्रामीणों को शांत कराया और जाम को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।


0 टिप्पणियाँ