Music

BRACKING

Loading...

MP NEWS : हिनौती गौधाम बनेगा प्राकृतिक खेती का केंद्र - उप मुख्यमंत्री




 उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने हिनौती गौधाम में बनाए जा रहे दो गौशाला शेड तथा भूसा हाउस का भूमि पूजन किया। इनका निर्माण सीएमपीवी इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। भूमि पूजन के बाद उप मुख्यमंत्री ने हिनौती गोधाम में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में कहा कि निर्माणाधीन तीन गौशालाओं का निर्माण पूर्ण कर इनका लोकार्पण कराएं जिससे निराश्रित गौवंश को आश्रय मिल सके। हिनौती गौधाम को प्राकृतिक खेती के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसमें गोबर गैस संयंत्र लगाकर इसकी ऊर्जा जरूरत को पूरा किया जाएगा। साथ ही उससे मिलने वाली खाद का उपयोग खेती में किया जाएगा। गौधाम में उपयोग के बाद शेष बची प्राकृतिक खाद को आसपास के किसानों को बेचा जाएगा। इससे हिनौती के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र में भी प्राकृतिक खेती को बढ़ावा मिलेगा। प्राकृतिक खेती हमारे जीवन को स्वस्थ रखने के साथ-साथ माटी को भी स्वस्थ रखेगी। धरती माता को स्वस्थ बनाए रखना और भावी पीढ़ी का जीवन सुरक्षित रखने के लिए प्राकृतिक खेती ही एकमात्र विकल्प है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण कार्य को तय समय पूरा करें। यहां कार्य करने वाली एजेंसी को पूरा सहयोग दें। गौ सेवा निराश्रित गौवंश को आश्रय देने के साथ-साथ बहुत बड़ा पुण्य का कार्य है।

बैठक में उप मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन के कार्य की समीक्षा करते हुए कहा कि पंपिंग स्टेशन निर्माण के लिए वन विभाग की अनुमति लेकर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराएं। इससे 128 गांवों के घरों में साफ पानी पहुंचने के साथ-साथ हिनौती गौधाम को भी पानी मिलेगा। बैठक में विधायक मनगवां इंजी. नरेंद्र प्रजापति, जनपद अध्यक्ष गंगेव श्री विकास तिवारी, पूर्व विधायक श्री श्यामलाल द्विवेदी, श्री राजेश पाण्डेय, वन मण्डलाधिकारी लोकेश निरापुरे, कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा बीडी कोरी, प्रभारी एसडीम सिरमौर सुधीर बेक, जल जीवन मिशन के जिला प्रबंधक चित्रांशु उपाध्याय, जनपद सीईओ प्राची चौबे तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ