ग्रीष्मकालीन खेल शिविर का आयोजन 15 मई से 15 जून तक किया जाएगा। जिसमें सुबह 06 बजे से 08 बजे तक प्रशिक्षण दिया जाएगा । शिविर के आयोजन को लेकर अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला की अध्यक्षता में गत दिवस कलेक्टर सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर शहरी क्षेत्रों के सभी प्रमुख मैदानों और ग्रामीण क्षेत्रों के तहसील मुख्यालयों पर आयोजित किए जाने के निर्णय लिया गए। इस बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी, जिला खेल अधिकारी सहित खेल संघ के पदाधिकारी, विभाग के प्रशिक्षक और वरिष्ठ खिलाड़ी उपस्थित रहे। शिविर में इन खेल में मिलेगा प्रशिक्षण जिसमें पोलो ग्राउण्ड पर फुटबॉल, हॉकी, एथलेटिक्स, क्रिकेट, हैण्डबॉल और वेटलिफ्टिंग/पावर लिफ्टिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि गांधी पार्क में फुटबॉल और फिजिकल कॉलेज में फुटबॉल व बास्केटबॉल की कक्षाएं लगेंगी। खेल परिसर स्टेडियम में बास्केटबॉल, क्रिकेट, वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, लॉन-टेनिस, ताइक्वाण्डो, जूडो, बैडमिन्टन, टेबल टेनिस, एथलेटिक्स और फुटबॉल का अभ्यास होगा, वहीं गर्ल्स स्कूल कोर्ट रोड़ एवं गर्ल्स कॉलेज में छात्राओं के लिए आत्मरक्षा हेतु कराते शिविर, शिवपुरी क्लब में बैडमिन्टन, कराते व टेबल टेनिस और साइंस कॉलेज में एथलेटिक्स एवं क्रिकेट की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अतिरिक्त वीर सावरकर उद्यान में शतरंज व स्केटिंग। इसी के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में तहसील मुख्यालयों पर भी करैरा, पोहरी, नरवर, कोलारस, पिछोर, खनियाधाना, बदरवास और मगरौनी में उपलब्ध खेल सुविधा के अनुसार शिविर का आयोजन किया जाएगा। 20 मई तक कराएं पंजीयन जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी डॉ. के.के. खरे ने बताया कि इच्छुक खिलाड़ी अपने पसंदीदा खेल के लिए 11 मई से 20 मई 2026 के बीच पंजीकरण करा सकते हैं।

0 टिप्पणियाँ