शिवपुरी जिले के पिछोर अनुविभाग के खोड़ बस स्टैंड पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रेत से ओवरलोड एक महिंद्रा ट्रैक्टर अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े वाहनों पर चढ़ गया। हादसे में करीब 9 बाइक और एक जनरेटर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर तेज रफ्तार में था और उसमें क्षमता से अधिक रेत भरी हुई थी। बस स्टैंड के पास पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद ट्रैक्टर सड़क किनारे खड़ी बाइकों और जनरेटर को रौंदता चला गया।
हादसे में कुशमा पत्नी कमल सिंह गुर्जर निवासी केनवाया और इमरत पिता जसुआ रजक उम्र 60 वर्ष निवासी गणेशखेड़ा घायल हो गए। दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के बाद चालक चलते ट्रैक्टर से कूदकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

0 टिप्पणियाँ