शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र के दीगोद गांव में रविवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मॉर्निंग वॉक पर निकले 50 वर्षीय युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक दीगोद गांव निवासी 50 वर्षीय परमाल जाटव रोजाना की तरह सुबह टहलने निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि परमाल जाटव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बदरवास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

0 टिप्पणियाँ