जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन कार्य को सुचारु एवं पारदर्शी बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा लगातार भ्रमण कर रहे हैं। उन्होंने पोहरी विकासखंड के गेहूं खरीदी केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विपणन सहकारी समिति, पचीपुरा वेयर हाउस पोहरी एवं मां नर्मदा वेयर हाउस परीच्छा सहित अन्य खरीदी केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
*किसानों से किया संवाद*
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अर्पित वर्मा ने खरीदी केंद्रों पर उपस्थित किसानों से सीधे संवाद किया और उनसे खरीदी प्रक्रिया, तुलाई व्यवस्था तथा अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने किसानों से सहजता से चर्चा करते हुए पूछा कि खरीदी कार्य में किसी प्रकार की परेशानी या असुविधा तो नहीं हो रही है। किसानों ने बताया कि केंद्रों पर तुलाई सहित अन्य व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं और किसी प्रकार की समस्या नहीं है।
*गर्मी में पेयजल की व्यवस्था रखने के निर्देश*
गर्मी के मौसम को देखते हुए कलेक्टर ने केंद्रों पर पेयजल व्यवस्था का विशेष रूप से जायजा लिया। इस दौरान सभी केंद्रों पर किसानों के लिए ठंडे पानी की समुचित व्यवस्था पाई गई। उन्होंने बारदानों के स्टॉक सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया, जहां व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं।
*नागरिक आपूर्ति निगम कार्यालय का निरीक्षण*
निरीक्षण के दौरान परीच्छा बेयरहाउस पर ड्यूटी के बावजूद केंद्र प्रभारी दिव्या गौतम एवं कंप्यूटर ऑपरेटर देवेंद्र रजक अनुपस्थित पाए गए। शिवपुरी पहुंचकर उन्होंने नागरिक आपूर्ति निगम के कार्यालय का भी निरीक्षण किया और निरीक्षण के दौरान उपस्थिति रजिस्टर में कर्मचारियों की उपस्थिति भी देखी और इस प्रकार की लापरवाही पर
नाराजगी व्यक्त की।
वहीं अन्य खरीदी केंद्रों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक पाए जाने पर संबंधित केंद्र प्रभारियों को बेहतर कार्य जारी रखने के लिए कहा।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम पोहरी अनुपम शर्मा, तहसीलदार बैराड़ दृगपाल सिंह, पोहरी तहसीलदार लज्जाराम राजोरिया एवं नायब तहसीलदार सुनील यादव उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ