शिवपुरी शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र स्थित शिकारी चौक पर शनिवार रात फिजिकल थाना पुलिस ने जन चौपाल लगाकर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। चौपाल के दौरान थाना प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ और एसआई रामेंद्र सिंह चौहान ने क्षेत्रवासियों से सीधे संवाद कर इलाके में चल रही अवैध गतिविधियों और स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली।
थाना प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ ने लोगों से कहा कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उन्हें जनता की समस्याओं के समाधान के लिए भेजा गया है। मौके पर जिन समस्याओं का निराकरण संभव होगा, उनका तत्काल समाधान किया जाएगा, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभाग तक पहुंचाया जाएगा।
चौपाल में एक बुजुर्ग महिला ने शिकायत करते हुए बताया कि रात 11 बजे से लेकर देर रात 2 बजे तक कुछ युवक इलाके में जमा रहते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप था कि उक्त युवक स्मैक समेत अन्य नशे करते हैं और जुआ भी खेलते हैं। लोगों ने बताया कि क्षेत्र में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे रहवासियों में डर का माहौल बना रहता है।
इसी दौरान एक नवविवाहिता ने भी चौपाल में पहुंचकर अपने ससुराल पक्ष पर मारपीट करने के आरोप लगाए और पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने महिला की शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू करने की बात कही।
हालांकि चौपाल का उद्देश्य क्षेत्र में अपराध और अवैध गतिविधियों की जानकारी लेना था, लेकिन लोगों ने अतिक्रमण, गंदगी, पानी की समस्या और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें भी पुलिस के सामने रख दीं। पुलिस अधिकारियों ने संबंधित शिकायतों को संबंधित विभागों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

0 टिप्पणियाँ