शिवपुरी शहर के माधव नगर फतेहपुर इलाके में हुई नकबजनी की गुत्थी को कोतवाली पुलिस ने सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 5 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त ऑटो जब्त किया है। इस मामले में खास बात यह रही कि पीड़िता ने पहले अपने मकान मालिक पर चोरी करवाने के गंभीर आरोप लगाए थे, जबकि मकान मालिक ने इसे मकान कब्जाने की साजिश बताया था। पुलिस ने जल्दबाजी न करते हुए तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर असली आरोपियों तक पहुंच बनाई।
जानकारी के मुताबिक 14 मई 2026 को फरियादी पूनम योगी निवासी माधव नगर शिवपुरी ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके कमरे का ताला तोड़कर पलंग में रखे बैग से सोने-चांदी के पुराने जेवर और तीन मोबाइल चोरी कर ले गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मूले और नगर पुलिस अधीक्षक संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में टीआई रोहित दुबे ने विशेष टीम गठित की।
पुलिस टीम ने इलाके के 20 से 25 सीसीटीवी कैमरों की जांच की, साइबर सेल की मदद ली और संदिग्धों से पूछताछ की। इसी दौरान 17 मई को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक पुराने रेलवे स्टेशन के पास एक पीले-हरे रंग के ऑटो में चोरी का सामान बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर दबिश देकर अशोक उर्फ गोलू रजक निवासी आईटीआई फॉरेस्ट कॉलोनी और साहिल वाल्मीकि निवासी 40 नंबर कोठी के पास शिवपुरी को पकड़ लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने माधव नगर फतेहपुर स्थित घर में ताला तोड़कर चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से मंगलसूत्र, बीजासेन, नथ, ओम, सोने के मोती, चांदी की करधोनी, पायल और एक सैमसंग कीपैड मोबाइल सहित पूरा चोरी का माल बरामद कर लिया। साथ ही वारदात में इस्तेमाल ऑटो क्रमांक MP33 ZB 4132 भी जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। उन पर पहले से अवैध शराब बिक्री के मामले दर्ज हैं, जबकि आरोपी अशोक रजक पर हत्या का मामला भी दर्ज बताया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

0 टिप्पणियाँ