शिवपुरी, 10 मई 2026। शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन तथा नगर पालिका सीएमओ श्री इशांक धाकड़ के नेतृत्व में चलाया जा रहा विशेष स्वच्छता एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार प्रभावी परिणाम देता दिखाई दे रहा है।
नगर पालिका टीम द्वारा रविवार सुबह सुभाष पार्क स्थित सब्जी मंडी, वार्ड क्रमांक 22 एवं कोर्ट रोड स्थित फल-सब्जी मंडी क्षेत्रों में फॉलोअप निरीक्षण एवं सघन कार्रवाई की गई।
निरीक्षण के दौरान सुभाष पार्क सब्जी मंडी क्षेत्र में पूर्व की कार्रवाई के बाद व्यवस्थाओं में बड़ा सुधार देखने को मिला। अधिकांश ठेला संचालकों एवं दुकानदारों ने अपने व्यापार को निर्धारित सीमाओं के भीतर व्यवस्थित तरीके से लगाया हुआ था। जहां पहले अवैध कब्जा, गंदगी एवं अव्यवस्था का माहौल रहता था, वहां अब साफ-सफाई एवं बेहतर यातायात व्यवस्था दिखाई दी। नगर पालिका टीम ने मंडी क्षेत्र में गंदे एवं खुले डस्टबिन जप्त किए तथा लोगों को सख्त हिदायत दी कि कचरा केवल डस्टबिन में डालें और नगर पालिका की कचरा गाड़ियों में ही दें।
*नगर पालिका टीम ने वार्ड क्रमांक 22 एवं सुभाष पार्क सब्जी मंडी क्षेत्र की नालियों की विशेष सफाई भी कराई। कई स्थानों पर अत्यधिक गंदगी पाए जाने पर संबंधित लोगों को चेतावनी दी गई कि दोबारा गंदगी मिलने पर चालानी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानों पर ताले लगे पाए गए, जिनके संचालकों को मौके पर बुलाकर दुकानें खुलवाई गईं एवं स्वच्छता एवं अतिक्रमण संबंधी नियमों की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान अवैध रूप से किए गए पक्के अतिक्रमण हटवाए गए तथा कई व्यापारियों एवं ठेला संचालकों को अंतिम चेतावनी दी गई कि वे स्वयं अपना अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा नगर पालिका द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
*सीएमओ श्री इशांक धाकड़ ने स्पष्ट कहा कि नगर पालिका अब केवल समझाइश तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी।*
इसके बाद नगर पालिका टीम ने कोर्ट रोड स्थित सब्जी एवं फल मंडी का निरीक्षण किया। यहां ठेला संचालकों एवं फल व्यापारियों को अपनी दुकानों एवं ठेलों को व्यवस्थित तरीके से लगाने के निर्देश दिए गए। व्यापारियों को स्पष्ट रूप से समझाइश दी गई कि सड़क पर अव्यवस्था एवं अतिक्रमण की स्थिति दोबारा मिलने पर अगले दिन से चालानी एवं हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित व्यापारियों की होगी।
*निरीक्षण के दौरान स्वच्छता व्यवस्था, प्लास्टिक पॉलिथीन उपयोग एवं डस्टबिन व्यवस्था की भी जांच की गई। नगर पालिका प्रशासन ने दोबारा स्पष्ट किया कि शहर की प्रमुख मंडियों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नियमित फॉलोअप निरीक्षण जारी रहेंगे। नगर पालिका का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं बल्कि शहर में स्थायी सुधार एवं स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करना है।*
*सीएमओ श्री इशांक धाकड़ ने नागरिकों, व्यापारियों एवं ठेला संचालकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ एवं व्यवस्थित शिवपुरी बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नियमों का पालन करने वालों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी, लेकिन गंदगी फैलाने एवं अवैध अतिक्रमण करने वालों पर कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।*

0 टिप्पणियाँ