शिवपुरी जिले के बदरवास में खाद वितरण व्यवस्था की शुरुआत होते ही अव्यवस्थाएं सामने आने लगी हैं। बदरवास के बीआरसी भवन पर खाद लेने पहुंचे किसानों को भीषण गर्मी और तेज धूप में घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है। किसानों का आरोप है कि प्रशासन द्वारा न तो छांव की व्यवस्था की गई है और न ही पीने के पानी की कोई सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
बताया जा रहा है कि किसानों को पहले ऑनलाइन टोकन लेना अनिवार्य किया गया है। टोकन मिलने के बाद तय तारीख पर किसानों को खाद का भुगतान कर रसीद लेना पड़ रहा है। इसके बाद ही उन्हें खाद मिल पा रही है। लेकिन पूरी प्रक्रिया के दौरान किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सोमवार को बड़ी संख्या में किसान खाद लेने बदरवास के बीआरसी भवन पहुंचे, जहां उन्हें तेज धूप में लंबी लाइन लगानी पड़ी। किसानों का कहना है कि ऑनलाइन व्यवस्था लागू करने के बावजूद व्यवस्थाएं जमीन पर नजर नहीं आ रही हैं। शुरुआती दौर में ही हालात बिगड़ने लगे हैं, जिससे आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है।
इस मामले में एसएडीओ कृषि विभाग बदरवास कल्लू कोली का कहना है कि फिलहाल खाद लेने आने वाले किसानों की संख्या ज्यादा नहीं है। आने वाले दिनों में किसानों के बैठने के लिए छांव और पीने के पानी की व्यवस्था कर दी जाएगी।

0 टिप्पणियाँ