शिवपुरी जिले के पोहरी थाना पुलिस ने सरसों से भरे ट्रक के गबन और आपराधिक न्यासभंग के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 26 लाख रुपये का मशरूका बरामद कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 120 क्विंटल सरसों कीमत करीब 11 लाख रुपये और ट्रक कीमत करीब 15 लाख रुपये बरामद किया है।
थाना प्रभारी पोहरी निरीक्षक रवि चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि फरियादी दिनेश धाकड़ निवासी ग्राम तिघरा खोड़ ने 5 मई 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सरसों से भरा ट्रक, जिसमें करीब 250 क्विंटल सरसों कीमत लगभग 20.62 लाख रुपये थी, अज्ञात व्यक्तियों द्वारा गबन कर लिया गया। इस शिकायत पर थाना पोहरी में अपराध क्रमांक 122/2026 धारा 316(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी पोहरी आनंद राय के निर्देशन में थाना प्रभारी रवि चौहान ने साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से दो टीमें बनाकर मुरैना और धौलपुर रवाना कीं।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी छोटू जाटव, राजू शर्मा (चालक) और जितेंद्र बाथम को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ट्रक को पोहरी अनाज मंडी से मुरैना होते हुए धौलपुर ले गए, जहां रजौरा खुर्द गांव के व्यापारी अनिल मित्तल की मिलीभगत से 120 क्विंटल सरसों छिपा दी गई थी। बाकी सरसों को एक बिचौलिए के माध्यम से धौलपुर की एक फर्म को बेच दिया गया।
पुलिस ने धौलपुर के रजौरा खुर्द गांव में दबिश देकर व्यापारी अनिल मित्तल के कब्जे से चोरी की 120 क्विंटल सरसों बरामद कर ली। मामले में गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि शेष सरसों और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

0 टिप्पणियाँ