गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध प्रसव पूर्व स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत 09 जून 2026 को जिले की समस्त स्वास्थ्य संस्थाओं में विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा।अभियान के तहत प्रत्येक माह की 9 तारीख को सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान तथा 25 तारीख को बी.ई.-पीएमएसएमए गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच, उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं (एचआरपीडब्ल्यू) की पहचान, उपचार एवं सतत फॉलोअप सुनिश्चित किया जाएगा।वर्ष 2026 में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के सफलतापूर्वक 10 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले की समस्त शहरी एवं ग्रामीण स्वास्थ्य संस्थाओं में विशेष जनजागरूकता एवं स्वास्थ्य सेवाओं का आयोजन किया जा रहा है।जिले की सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में उपलब्ध रहेंगी सेवाएं09 जून को प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे तक चिकित्सा महाविद्यालय, जिला चिकित्सालय, सिविल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में अभियान की गतिविधियां संचालित की जाएंगी।गर्भवती महिलाओं को मिलेंगी यह सुविधाएंअभियान के दौरान गर्भवती महिलाओं का पंजीयन, प्रसव पूर्व एवं प्रसव पश्चात स्वास्थ्य परीक्षण, वजन, ऊंचाई, बीएमआई, रक्तचाप, एमयूएसी तथा अन्य आवश्यक जांचें की जाएंगी। प्रयोगशाला जांचों में हीमोग्लोबिन, यूरिन एल्ब्यूमिन, शुगर, मलेरिया, वीडीआरएल, सिकल सेल स्क्रीनिंग, हेपेटाइटिस, ओजीटीटी एवं ब्लड ग्रुप जैसी आवश्यक जांचें शामिल रहेंगी। इसके अतिरिक्त आयरन-फोलिक एसिड, कैल्शियम, एल्बेंडाजोल, इंजेक्शन आयरन सुक्रोज एवं एफसीएम सहित आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। गर्भवती महिलाओं को पोषण परामर्श, स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन तथा सुरक्षित मातृत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा।पेयजल, बैठने एवं निःशुल्क परिवहन की रहेगी व्यवस्थाअभियान के दौरान सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में गर्भवती महिलाओं के लिए पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था एवं आवश्यकतानुसार निःशुल्क परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने जिले की सभी गर्भवती महिलाओं से अपील की है कि वे 09 जून को अपने निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचकर अभियान का लाभ प्राप्त करें।

0 टिप्पणियाँ