Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : पिपरसमा अनाज मंडी के बाहर प्याज से भरी सैकड़ों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से लगा लंबा जाम, किसान और राहगीर परेशान

शिवपुरी जिले की पिपरसमा अनाज मंडी के बाहर बुधवार को उस समय जाम के हालात बन गए, जब बड़ी संख्या में किसान प्याज की खेप लेकर मंडी पहुंच गए। मंडी के बाहर पिपरसमा मार्ग पर प्याज से भरी सैकड़ों ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खड़ी होने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम में किसान, राहगीर और अन्य वाहन चालक घंटों फंसे रहे, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।


जानकारी के अनुसार, मंडी में प्याज की आवक अचानक बढ़ने से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की संख्या काफी अधिक हो गई। कई किसानों ने अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां सड़क किनारे और मार्ग पर ही खड़ी कर दीं, जिसके कारण यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर करीब तीन से चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया। बताया जा रहा है कि यह स्थिति तीन घंटे से अधिक समय तक बनी रही।

जाम के कारण मंडी में होने वाली प्याज की नीलामी (डाक) भी प्रभावित हुई। किसानों और आम लोगों ने अव्यवस्थित व्यवस्थाओं को लेकर मंडी प्रबंधन के प्रति नाराजगी जताई। उनका कहना था कि मंडी में पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण हर साल आवक बढ़ने पर ऐसी स्थिति निर्मित हो जाती है।


इधर, मामले को लेकर मंडी सचिव बालेश शुक्ला ने बताया कि बुधवार को प्याज की आवक सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक रही। कुछ किसानों द्वारा ट्रैक्टर-ट्रॉलियां मार्ग पर खड़ी कर देने से जाम की स्थिति बनी थी। समस्या को देखते हुए मंडी का दूसरा गेट खुलवाया गया और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को अंदर प्रवेश दिलाया गया। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो गया और जाम समाप्त हो गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ