Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : आयशर सर्विस सेंटर में दर्दनाक हादसा: अचानक लुढ़के ट्रक की चपेट में आने से कर्मचारी की मौत

शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के पड़ौरा चौराहा स्थित आयशर ट्रक सर्विस सेंटर में मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। सर्विस सेंटर में कार्यरत 48 वर्षीय कर्मचारी मनोज श्रीवास की अचानक लुढ़ककर आए ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। घायल अवस्था में उन्हें पहले एक निजी अस्पताल और बाद में मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार पराई की पौर निवासी मनोज श्रीवास आयशर ट्रक सर्विस सेंटर के टूल डिपार्टमेंट में कार्यरत थे। मंगलवार शाम वह अपने काउंटर पर बैठे हुए थे। इसी दौरान परिसर में खड़ा एक ट्रक अचानक लुढ़ककर उनकी ओर बढ़ा और उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक के दबाव से उनके सीने में गंभीर चोटें आईं।

हादसे के बाद एजेंसी स्टाफ ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए शिवपुरी के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।


सूचना मिलने पर कोलारस थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर आज बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस अब हादसे के कारणों और संभावित लापरवाही की जांच कर रही है। मृतक मनोज श्रीवास अपने पीछे दो बच्चों सहित परिवार को छोड़ गए हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ