अवैध कॉलोनी काटी तो कलेक्टर अर्पित वर्मा की सख्त कार्यवाही होगी !
शिवपुरी / शिवपुरी जिले के नगरीय क्षेत्रों में अवैध कॉलोनियों के निर्माण पर रोक लगाने और व्यवस्थित विकास सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने जिला स्तरीय कॉलोनी सेल का गठन किया है। यह सेल कॉलोनाइजर लाइसेंस, कॉलोनी विकास अनुमति और अनाधिकृत भूखंड विक्रय पर पैनी निगरानी रखेगी।
अपर कलेक्टर होंगे प्रभारी अधिकारी
जिला स्तरीय कॉलोनी सेल का प्रभारी अधिकारी अपर कलेक्टर को बनाया गया है। इसमें एसडीएम शिवपुरी, नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO), लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE), विद्युत वितरण कंपनी, उप पंजीयक और संबंधित तहसीलदार सदस्य के रूप में शामिल रहेंगे।
नवीन कॉलोनियों की होगी जांच
नई कॉलोनियों के प्रस्तावों का परीक्षण इस नवगठित कॉलोनी सेल द्वारा किया जाएगा। इसमें भूमि स्वामित्व, मास्टर प्लान, विकास योजना, सड़क, पानी, बिजली, जल निकासी (ड्रेनेज), उद्यान (पार्क) और अन्य जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता की बारीकी से जांच की जाएगी। इसके बाद पूरी रिपोर्ट कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी।
अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई की तैयारी
प्रशासन ऐसी सभी कॉलोनियों का सर्वे कर एक सूची तैयार करेगा, जिनके पास वैध कॉलोनाइजर लाइसेंस, विकास अनुमति और अन्य आवश्यक स्वीकृतियां नहीं हैं। बिना अनुमति के अवैध रूप से विकसित हो रही कॉलोनियों के खिलाफ नियमों के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हर माह होगी समीक्षा बैठक
यह कॉलोनी सेल हर महीने बैठक आयोजित करेगा। बैठक में प्राप्त शिकायतों, निरीक्षण रिपोर्ट, लंबित मामलों की कार्रवाई और अवैध कॉलोनियों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही, वैध और अवैध कॉलोनियों की जानकारी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे आम लोग गुमराह होने और गलत जगह निवेश (प्लॉट खरीदने) करने से बच सकें।


0 टिप्पणियाँ