Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : लखनऊ अग्निकांड के बाद जागी प्रशासन की नींद, शिवपुरी में सील हुई कोचिंग; संचालकों का काम बंद कर विरोध

लखनऊ के कोचिंग संस्थान में हुए अग्निकांड के बाद शिवपुरी जिला प्रशासन ने फायर सेफ्टी मानकों का पालन नहीं करने पर अब तक जिले भर की कई कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद जिले के कोचिंग संचालकों में असमंजस की स्थिति बन गई है। गुरुवार को दोपहर साढ़े 12 बजे शिवपुरी प्राइवेट टीचर एसोसिएशन ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर फायर सेफ्टी संबंधी दिशा-निर्देशों को स्पष्ट करने की मांग की।

कोचिंग संचालकों ने कहा कि वे लखनऊ की घटना पर शोक व्यक्त करते हैं और शासन द्वारा विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों का समर्थन करते हैं। उन्होंने बताया कि सभी संचालकों ने अपनी क्षमता के अनुसार फायर सेफ्टी के इंतजाम करने का प्रयास किया है, लेकिन प्रशासन की ओर से स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं मिलने के कारण भ्रम और भय का माहौल बना हुआ है।

कोचिंग संचालकों का कहना है कि इसी वजह से सभी कोचिंग संस्थानों का संचालन अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने कलेक्टर से मांग की कि फायर सेफ्टी के लिए आवश्यक मानकों और प्रक्रिया को स्पष्ट किया जाए, ताकि संस्थान नियमों का पालन कर दोबारा संचालित किए जा सकें।


शिवपुरी प्राइवेट टीचर एसोसिएशन के अध्यक्ष उमेश श्रीवास्तव ने बताया कि प्रशासन ने फायर सेफ्टी मानकों को पूरा करने के निर्देश तो दिए हैं, लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया कि किन-किन व्यवस्थाओं को अनिवार्य रूप से करना होगा और किस प्रक्रिया के तहत एनओसी प्राप्त की जाएगी। उन्होंने कहा कि जब तक स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं मिलते, तब तक कोचिंग संचालकों में असमंजस बना रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ