शिवपुरी नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर गुरुवार को नगर पालिका परिसर में एकत्रित होकर सीएमओ के नाम ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो सभी सफाई कर्मचारी हड़ताल पर चले जाएंगे। शुक्रवार को कलेक्टर को भी ज्ञापन सौंपने की बात कही गई है।
अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस जिला शाखा शिवपुरी के अध्यक्ष मनोज लाहोटी ने बताया कि सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर पहले भी कई बार ज्ञापन और धरना-प्रदर्शन किए जा चुके हैं। हर बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों द्वारा मांगों के निराकरण का आश्वासन दिया गया, लेकिन आज तक किसी भी मांग पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
मनोज लाहोटी ने बताया कि 8 जुलाई को उनकी सीएमओ से चर्चा हुई थी। उस दौरान सीएमओ ने 15 जुलाई को बैठक कर सभी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया था, लेकिन तय तारीख को वह कर्मचारियों से मिलने नहीं पहुंचे। इससे नाराज होकर गुरुवार को सभी सफाई कर्मचारी नगर पालिका पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में ऑनलाइन हाजिरी व्यवस्था समाप्त करने, हर माह 5 से 10 तारीख के बीच वेतन भुगतान, हाईकोर्ट और शासन के निर्देशों के अनुसार नियमितीकरण, गल्ला एडवांस की राशि देने, गर्मी-बरसात और सर्दी की वर्दी व गमबूट उपलब्ध कराने, परीक्षावधि पूरी होने पर वेतन वृद्धि और एरियर का भुगतान, समयमान और वेतनमान का लाभ, पदोन्नति, एनपीएस और पीएफ की राशि समय पर जमा करने तथा एलआईसी की किश्त नियमित जमा कराने सहित 11 प्रमुख मांगें शामिल हैं।
सफाई कर्मचारियों ने कहा कि यदि अगले 24 घंटे के भीतर उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो नगर पालिका के सभी सफाई कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

0 टिप्पणियाँ