Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : फर्जी शादी का कार्ड देकर घर पहुंचे 6 युवक, मोबाइल चेक करने का बनाया दबाव; शिकायत पर 6 अज्ञात आरोपियों पर केस दर्ज

शिवपुरी शहर के सिटी सेंटर कॉलोनी में रहने वाले एक व्यक्ति के घर फर्जी शादी का कार्ड देकर पहुंचे 6 अज्ञात युवकों द्वारा कथित रूप से धोखाधड़ी की कोशिश का मामला सामने आया है। फरियादी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को 6 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एसपी कोठी के पीछे सिटी सेंटर कॉलोनी निवासी रामकुमार वर्मा (40) ने बताया कि 5 जुलाई की सुबह एक अज्ञात व्यक्ति उनके घर आया और शादी का कार्ड देकर उनके मोबाइल से एक नंबर पर कॉल करवाया। कॉल रिसीव नहीं होने पर वह वहां से चला गया।

रामकुमार का आरोप है कि 12 जुलाई की दोपहर दो युवक उनके घर पहुंचे और कहा कि उन्होंने उनकी बहन के यहां शादी का कार्ड भेजा है तथा कार्ड लेकर जाने वाले व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ लिया है। जब उन्होंने युवकों से कहा कि पुलिस को जानकारी चाहिए होगी तो वह खुद आएगी, तभी उनके चार अन्य साथी भी घर पहुंच गए। सभी ने उनका मोबाइल चेक करने का दबाव बनाया।

रामकुमार ने मोबाइल देने से इनकार करते हुए पुलिस बुलाने की बात कही, जिसके बाद सभी युवक वहां से भाग निकले। इसके बाद उन्होंने अपने मित्र रामगोपाल को बुलाया। दोनों ने आरोपियों की तलाश की तो सिटी सेंटर कॉलोनी में छह युवक दिखाई दिए, लेकिन वे उन्हें देखकर भाग गए।

फरियादी ने बताया कि उसी दिन दोपहर 2:17 बजे एक अज्ञात नंबर से फोन आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को थाने में होने की बात कहकर वहां बुलाया। जब रामकुमार ने कहा कि वे थाने पहुंच चुके हैं और सामने वाला भी आ जाए, तो कॉल काट दी गई।

रामकुमार का कहना है कि फर्जी शादी का कार्ड देकर, मोबाइल चेक करने का दबाव बनाकर और पुलिस का नाम लेकर उन्हें गुमराह करने तथा किसी प्रकार की धोखाधड़ी या अन्य वारदात की साजिश रची गई थी। उन्होंने फर्जी शादी का कार्ड भी पुलिस को सौंप दिया है।

शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को 6 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ