Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : रास्ते के विवाद में खूनी संघर्ष, वीडियो लेकर एसपी दफ्तर पहुंचा पीड़ित परिवार; पुलिस पर लगाया मुख्य आरोपियों को बचाने का आरोप

 निजी जमीन से रास्ता निकालने को लेकर मारपीट, विवाद में हमले के आरोप, मारपीट का वीडियो लेकर पीड़ित परिवार एसपी ऑफिस पहुंचा; एफआईआर में नाम नहीं जोड़ने का लगाया आरोप

शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के गुगवारा गांव में जमीन के रास्ते के विवाद को लेकर हुए मारपीट मामले में पीड़ित परिवार गुरुवार को एसपी कार्यालय पहुंचा। परिवार ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर आरोप लगाया कि हमले के मुख्य आरोपियों के नाम पुलिस ने एफआईआर में शामिल नहीं किए और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की जा रही है।

अजीत धाकड़ निवासी गुगवारा ने बताया कि उनके घर के पीछे की जमीन पर प्लॉटिंग करने वाले कुछ लोगों से रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। इस मामले में दीवानी वाद भी न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि 14 जुलाई को चार मुख्य आरोपियों ने अपने साथ कई लोगों को लेकर घर पर हमला किया। सभी लाठी, लोहे की रॉड और फरसा लेकर पहुंचे तथा परिवार के लोगों के साथ मारपीट की।

हमले में अजीत धाकड़ समेत कोमल धाकड़, वीरेंद्र धाकड़, जयपाल धाकड़, जितेंद्र धाकड़, मानो, मनीषा, रचना, आरती और सालोनी घायल हुए। अजीत धाकड़ के हाथ में फ्रैक्चर और सिर में गंभीर चोट आने का भी दावा किया गया है। सभी घायलों का मेडिकल कराया गया और एक्स-रे के लिए जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर किया गया।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि कोलारस थाना पुलिस ने उनकी शिकायत के बावजूद चार मुख्य आरोपियों के नाम एफआईआर में शामिल नहीं किए और केवल अन्य लोगों के नाम दर्ज किए। परिवार ने निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों के नाम जोड़ने तथा गंभीर धाराएं बढ़ाने की मांग की है।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि गुरुवार सुबह एसपी कार्यालय आते समय एक आरोपी ने छत पर खड़े होकर बंदूक दिखाते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित परिवार ने आरोपी का शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने और पूरे मामले में निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

कोलारस थाना प्रभारी पुनीत बाजपेयी का पक्ष

वहीं, इस मामले में कोलारस थाना प्रभारी पुनीत बाजपेयी ने बताया कि अजीत धाकड़ की शिकायत पर फिलहाल 6 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि दूसरे पक्ष के भी कुछ लोग घायल हुए हैं, जिनकी शिकायत पर अजीत धाकड़ पक्ष के तीन लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी के अनुसार, मारपीट का वीडियो एफआईआर दर्ज होने के बाद सामने आया है। वीडियो में जो भी लोग मारपीट करते हुए दिखाई देंगे, विवेचना के दौरान उनकी पहचान कर उनके नाम भी प्रकरण में शामिल किए जाएंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ