शिवपुरी जिले के तेंदुआ थाना क्षेत्र के डेहरवारा गांव में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 16-17 जुलाई की रात से लापता दो चचेरी नाबालिग बहनों के शव गांव के पास स्थित एक कुएं से बरामद हुए। दोनों के लापता होने के बाद पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की थी। अब शव मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, डेहरवारा निवासी राजेंद्र धाकड़ की 16 वर्षीय बेटी कीर्ति धाकड़ और उनके भाई सुघर सिंह धाकड़ की 17 वर्षीय बेटी पूनम धाकड़ 16 जुलाई की रात परिवार के साथ भोजन करने के बाद सो गई थीं। परिजनों के मुताबिक रात करीब 1 बजे जब परिवार के सदस्य जागे तो दोनों बच्चियां बिस्तर पर नहीं थीं। काफी तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चलने पर तेंदुआ थाने में सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस ने 17 जुलाई को अपहरण का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की।
शनिवार सुबह पुलिस को दोनों के घर से करीब 300 मीटर दूर एक कुएं के पास एक नाबालिग की चप्पल मिली। इसके बाद आशंका के आधार पर पुलिस ने करीब 70 फीट गहरे कुएं का लगभग 40 फीट पानी मोटर की मदद से निकलवाया। पानी कम होने के बाद ग्रामीणों की सहायता से कुएं में तलाश की गई, जहां दोनों नाबालिगों के शव बरामद हुए।
बताया जा रहा है कि एक दिन पहले भी ग्रामीण इसी कुएं से पानी भरकर ले गए थे, लेकिन उस समय किसी को कुएं में शव होने की भनक तक नहीं लगी।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दोनों नाबालिग रात में किन परिस्थितियों में घर से बाहर निकलीं और उनकी मौत कैसे हुई। गांव में हत्या और आत्महत्या दोनों तरह की चर्चाएं चल रही हैं, लेकिन पुलिस ने अभी किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है।
तेंदुआ थाना प्रभारी नीतू सिंह धाकड़ ने बताया कि दोनों बच्चियों के लापता होने पर अपहरण का मामला दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही थी। शनिवार सुबह दोनों के शव कुएं से बरामद कर लिए गए हैं। शवों का पोस्टमार्टम कराकर मर्ग कायम किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

0 टिप्पणियाँ