Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : आत्मदाह के प्रयास के बाद हरकत में आई पुलिस, महिला की शिकायत पर सास और देवर के खिलाफ एफआईआर दर्ज


शिवपुरी पुलिस कंट्रोल रूम में पेट्रोल से भरी बोतल लेकर आत्मदाह का प्रयास करने वाली सईसपुरा निवासी चंदा बेगम की शिकायत पर आखिरकार पुलिस ने उसकी सास मुन्नी बेगम और देवर जावेद के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। मंगलवार को चंदा बेगम अपने पति कलीम खान के साथ पुलिस कंट्रोल रूम पहुंची थीं। वहां उन्होंने आरोप लगाया था कि कई दिनों से शिकायत करने के बावजूद पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही थी, जिससे परेशान होकर उन्होंने आत्मदाह का कदम उठाया। हालांकि मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने समय रहते उनके हाथ से पेट्रोल की बोतल छीनकर उन्हें बचा लिया।

चंदा बेगम ने बताया कि उनका विवाह करीब चार वर्ष पहले कलीम खान से हुआ था। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा है। उनका आरोप है कि सास ने उनके एक लाख रुपये और सोने-चांदी के जेवर अपने कब्जे में रख लिए हैं। इतना ही नहीं, उन्हें और उनके पति को घर से निकालने का प्रयास किया जा रहा है। महिला का कहना है कि जिस मकान को लेकर विवाद चल रहा है, उसका निर्माण उसके पति और दिवंगत ससुर की कमाई से हुआ था, लेकिन रजिस्ट्री सास के नाम होने के कारण अब उन्हें बेदखल करने की कोशिश की जा रही है। आरोप है कि उन्हें परेशान करने के लिए कॉमन शौचालय पर भी ताला लगा दिया गया।

एफआईआर के मुताबिक, 5 जुलाई 2026 की सुबह करीब 8 बजे सास मुन्नी बेगम ने कॉमन शौचालय पर ताला लगा दिया। जब चंदा बेगम ने इसका विरोध किया तो सास मुन्नी और देवर जावेद गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर दोनों ने बाल पकड़कर लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे उसकी छाती और बाएं हाथ की कलाई में चोट आई। महिला ने बताया कि घटना के समय पप्पन खान और टीपू खान मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने बीच-बचाव कराया।

महिला का आरोप है कि मारपीट के बाद उसने फिजिकल थाना और महिला थाना में भी शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद मंगलवार को वह अपने पति के साथ पुलिस कंट्रोल रूम पहुंची और आत्मदाह का प्रयास किया।


घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चंदा बेगम की शिकायत पर सास मुन्नी बेगम और देवर जावेद के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने सहित संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ