शिवपुरी - कोलारस। बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर उपखंड क्षेत्र में असंतोष गहराता जा रहा है। वार्ड नंबर-1 लोधी मोहल्ला के रहवासियों ने बिजली कंपनी पर मनमाने ढंग से स्मार्ट मीटर थोपने और अत्यधिक बिल थमाने का गंभीर आरोप लगाया है। बुधवार को बड़ी संख्या में एकत्र हुए उपभोक्ताओं ने बिजली कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों के रवैये के खिलाफ आक्रोश जताया।
पीड़ित उपभोक्ताओं का कहना है कि पूरे शहर को छोड़कर केवल चुनिंदा मोहल्लों में स्मार्ट मीटर लगाना समझ से परे है। मीटर बदलने के बाद से ही बिल कई गुना बढ़कर आ रहे हैं, जिससे मध्यम व गरीब वर्ग पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ गया है। शिकायत लेकर पहुंचे लोगों का कहना है कि समाधान करने के बजाय विभागीय अधिकारी उनके साथ अभद्रता कर रहे हैं।
आक्रोशित जनता ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि बढ़े हुए बिलों और स्मार्ट मीटर की समस्या से राहत नहीं मिली, तो वे न केवल कानूनी लड़ाई लड़ेंगे बल्कि अपने स्तर पर स्मार्ट मीटर उखाड़ फेंकने को बाध्य होंगे। बिजली विभाग की इस कार्यशैली से क्षेत्रीय जनता में भारी रोष व्याप्त है।

0 टिप्पणियाँ