- मिसरोद के शासकीय नवीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत आयोजित स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लेतीं राज्यमंत्री कृष्णा गौर।
भोपाल (विशेष संवाददाता)। पिछड़े वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने कहा है कि एक स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए हर नागरिक का अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होना बेहद जरूरी है। वे शनिवार को मिसरोद स्थित शासकीय नवीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के शुभारंभ अवसर पर बोल रही थीं।
श्रीमती गौर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य जनसेवा के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुलभ और बेहतर बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है।
नोबल हॉस्पिटल के विशेषज्ञों ने किया स्वास्थ्य परीक्षण
शिविर के दौरान नोबल हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ ने विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा स्थानीय निवासियों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की और आवश्यक परामर्श दिया। राज्यमंत्री ने शिविर का भ्रमण कर स्वास्थ्य जांच प्रक्रियाओं का निरीक्षण किया तथा चिकित्सा व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली।
पौधारोपण और स्वच्छता अभियान में श्रमदान
स्वास्थ्य शिविर के साथ-साथ राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने विद्यालय परिसर में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संवर्धन का संदेश दिया। इसके अतिरिक्त उन्होंने परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान में भाग लेते हुए खुद श्रमदान किया।
पर्यावरण की रक्षा और अपने आसपास की सफाई बनाए रखना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। सार्वजनिक और शैक्षणिक संस्थानों को स्वच्छ व हरा-भरा बनाने के लिए हर नागरिक को आगे आना चाहिए।" — कृष्णा गौर, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, नोबल हॉस्पिटल की मेडिकल टीम तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ