60 साल पुरानी लीज का मामला पहुंचा देश की शीर्ष अदालत, सूत्रों के अनुसार निरस्त हुई याचिका
बड़ा सवाल: 'हाई-वोल्टेज ड्रामा' और नपा की फजीहत के बाद क्या अब चलेगा बुलडोजर, या फिर 'अंदरूनी सेटिंग' में दबेगी कार्यवाही ?
शिवपुरी (एंटीकरप्शन न्यूज़)। नगर पालिका परिषद शिवपुरी और पूर्व आगरा-बॉम्बे (झाँसी तिराहे)रोड स्थित गांधी पेट्रोल पंप (जै भारत ऑटोमोबाइल्स) के बीच जमीन की लीज को लेकर चल रहा दशकों पुराना विवाद अब कानूनी रूप से एक अंतिम मोड़ पर पहुंच गया है। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ से झटका खाने के बाद सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाने वाले लीज धारकों की याचिका पर सर्वोच्च अदालत ने भी कड़ा रुख अपनाया है।
विश्वस्त सूत्रों के अनुसार, हम आप की बात दे की सुप्रीम कोर्ट की माननीय न्यायमूर्ति एम.एम. सुंदरैश एवं न्यायमूर्ति प्रसन्ना बी. वराले की पीठ ने 6 अक्टूबर 2026 को मामले की सुनवाई करते हुए SLP (Civil) No. 35025/2026 को "DISMISSED" (खारिज) कर दिया है। इस फैसले के बाद अब कानूनी तौर पर नगर पालिका परिषद का पक्ष पूरी तरह से मजबूत माना जा रहा है।
पिछले दो दिनों का ड्रामा और जनचर्चा:
गौरतलब है कि बीते दिनों इसी बेशकीमती ज़मीन को लेकर मौके पर भारी 'हाई-वोल्टेज ड्रामा' देखने को मिला था। जब नगर पालिका का अमला कार्रवाई करने पहुँचा, तो कर्मचारियों ने जेसीबी के आगे लेटकर जमकर हंगामा किया था और नपा अध्यक्ष बेबस नज़र आई थीं।
Anti-Corruption News ने इस मामले को प्रमुखता से उठाते हुए जनहित में सवाल दर्ज कराए थे कि 'हाई कोर्ट के आदेश केबाद भी अगर बुलडोजर नहीं चला, तो नपा की भारी थू-थू होगी!' अब जब सुप्रीम कोर्ट स्तर से भी SLP खारिज होने की खबरें सामने आ रही हैं, तो प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
क्या कहता है कानूनी पक्ष? (सूत्रों के हवाले से)
जानकारों और विधिक सूत्रों का मानना है कि 23 जुलाई 1960 को 25 वर्षों के लिए दी गई लीज की अवधि दशकों पहले समाप्त हो चुकी थी।
- हाई कोर्ट के 1 सितंबर 2026 के निर्णय में स्पष्ट किया गया था कि केवल नवीनीकरण का आवेदन देने या किराया जमा कराने मात्र से लीज का 'स्वतः नवीनीकरण' स्वीकार्य नहीं होता।
- इसके अलावा सब-लेटिंग (परिसर का अन्य उपयोग) और नियमों के उल्लंघन को देखते हुए ही याचिका खारिज की गई थी।
- अब सुप्रीम कोर्ट से भी राहत न मिलने के बाद लीज धारकों का कब्जा बरकरार रखने का कानूनी आधार खत्म होता नजर आ रहा है।
तीखे सवाल: क्या अब जागेगा नपा अमला या 'फाइलों के इंतजार' में होगी सेटिंग?
सर्वोच्च अदालत से विधिक स्थिति स्पष्ट होने के बाद अब गेंद पूरी तरह से नगर पालिका के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (CEO) और जिला प्रशासन के पाले में है। हालांकि, शहर के बुद्धिजीवी वर्ग में कई तरह की चर्चाएं तैर रही हैं:
- क्या अब होगी बेदखली की ठोस कार्रवाई? सूत्रों की मानें तो अब नपा प्रशासन के पास कार्रवाई टालने का कोई मजबूत विधिक बहाना नहीं बचा है। क्या नपा का अमला इस बेशकीमती सरकारी संपत्ति को तत्काल अपने कब्जे में लेगा?
- या फिर 'सर्टिफाइड कॉपी' के नाम पर खेल होगा? अक्सर देखा जाता है कि हाई-प्रोफाइल मामलों में नपा अधिकारी 'आदेश की सर्टिफाइड कॉपी मिलने' या 'विधिक सलाह लेने' के नाम पर फाइलों को ठंडे बस्ते में डाल देते हैं। जनचर्चा है कि क्या इस बार भी अंदरूनी साठगांठ या 'टेबल के नीचे की सेटिंग' के चलते कार्रवाई में सुस्ती दिखाई जाएगी?
बिशेष- लगभग छह दशक पुराने इस विवाद में सुप्रीम कोर्ट का यह रुख एक ऐतिहासिक पड़ाव साबित हो सकता है। सूत्रों का कहना है कि विस्तृत आदेश की प्रति सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी। अब देखना यह होगा कि शिवपुरी नपा प्रशासन इस ज़मीन को मुक्त कराकर अपनी साख बचाता है या मामला फिर प्रशासनिक पचड़ों में उलझा दिया जाता है!

0 टिप्पणियाँ