मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री व्ही.एल. कान्ताराव ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री सुनील अरोड़ा के सन्देश का राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर मिंटो हॉल में आयोजित समारोह में वाचन किया। वाचन में कहा कि नवें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर अपने देश के सभी नागरिकों और सभी निर्वाचकों को बधाई देता हूँ। इस अवसर पर मैं उन सभी नागरिकों का आह्वान करता हूँ जो एक जनवरी 2019 को 18 वर्ष अथवा अधिक की आयु के हो गए हैं, परन्तु उन्होंने अभी तक मतदाता के रूप में अपना पंजीकरण नही करवाया है। उनसे मेरा आग्रह है कि वे तुरंत आवेदन करें और मतदाता बने ताकि लोकसभा के आगामी निर्वाचन में मतदान कर सकें। सर्व भौमिक व्यस्क मताधिकार भारत के प्रत्येक पात्र नागरिक को संविधान के संस्थापको द्वारा दिया गया सर्वाधिक महत्वपूर्ण अधिकार है और हम भारत निर्वाचन आयोग की ओर से इसे आप तक लाने हेतु प्रयासरत है। हमारा देश 17वीं लोकसभा के निर्वाचनों की तैयारी कर रहा है जो कि विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक कवायत है। भारतीय चुनाव आयोग 87 करोड़ से ज्यादा निर्वाचकों द्वारा पूरे देश में स्थापित किए गए 10 लाख से अधिक मतदान केन्द्रों में उनके अमूल्य मताधिकार के प्रयोग में सुविधा प्रदान करने के लिए कृतसंकल्प है। अधिकाधिक भागीदारी से मजबूत लोकतंत्र का मार्ग प्रशस्त्र होता है इसी भावना के अनुरूप इस वर्ष के राष्ट्रीय मतदाता दिवस का थीम है ''कोई भी मतदाता ना छूटे''। आयोग दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिको को प्रत्येक मतदान केन्द्र पर विशेष सुविधा देने हेतु भी प्रतिबद्ध है। शस्त्राशताब्दी में जन्मे अर्थात् मिलेनियन बच्चे पहली बार राष्ट्रीय निर्वाचन में मतदान करेंगे और मैं उनका आह्वान करता हूँ कि वे एक उदाहरण प्रस्तुत करे और अपने परिवार के सदस्यों तथा हमउम्र मित्रों को प्रोत्साहित करके हमारे राजदूत बने ताकि वो लोग भी आगामी निर्वाचनों और प्रत्येक उत्तरवर्ती निर्वाचनों में भी बढ़चढ़ कर भाग लें। चूंकि भारतीय निर्वाचन आयोग की स्थापना 25 जनवरी 1950 को हुई थी इसलिए इस दिन को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में चुना गया और इसकी शुरूआत 25 जनवरी 2011 को की गई। राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुरूआत हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता के महत्व को उजागर करने के लिए की गई हैं और यह दिन सभी मतदाताओं को एक मतदाता के रूप में उनके अधिकारों और उत्तरदायित्वो के बारे में स्मरण करवाता है। इस दिन लोकतंत्र में अपनी अटूट आस्था का स्मरण करते हुए हम अपने देश की समृद्ध लोकतांत्रिक परंपरा और स्वतंत्र निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचनों की सुचिता को अक्षुण रखने का संकल्प दोहराते है। हमारा प्रयास निर्वाचन को अधिक से अधिक समावेशी, अनूकुल, पारदर्शी और सहभागितापूर्ण बनाना है। इसी अनुशरण में हम मतदाताओं के साथ कुशल एवं प्रभावी संबंध स्थापित करने और निर्वाचक के आत्मविश्वास को मजबुत करने के लिए अनेक पहल कर चुके है। मतदाता सूचना और सेवाएं केवल एक कॉल दूर है और एक क्लिक मात्र से प्राप्त हो जाती है। मतदाता संबंधित सभी सेवाएं जैसे निर्वाचन नामावली में अपना नाम ढूंढना, पता बदलना या त्रुटियों को सही करना हमारे वन स्टॉप शॉप पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे है। इसी प्रकार मतदाता कोई भी पूछताछ करने या सहायता प्राप्त करने हेतु हमारे मतदाता हेल्पलाइन 1950 पर कॉल कर सकते है। भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त होने के नाते मैं देश के सभी मतदाताओं का पुनः आह्वान करता हूँ कि वे आगामी लोकसभा निर्वाचन 2019 में स्वतंत्र जागरूक, भयरहित व नैतिक रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करे। मैं आशा करता हूँ आगामी निर्वाचन में कोई मतदाता नहीं छूटेगा। राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2019 के अवसर पर मैं आप सबको पुनः हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूँ।
0 टिप्पणियाँ