शिवपुरी, 25 जनवरी 2019/ स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री प्रेमनारायण नागर ने उपस्थित युवाओं से आग्रह करते हुए कहा कि देश के नवनिर्माण एवं लोकतंत्र में युवाओं की अहम् भूमिका है, मतदान का प्रतिशत बढ़ेगा, तो राजनीति के क्षेत्र में अच्छे लोग आएगें। अतः युवा स्वयं का मताधिकार करने के साथ-साथ अपने परिजनों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री नागर आज शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय शिवपुरी के विवेकानंद सभाग्रह में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर श्रीमती अनुग्रहा पी ने की। इस मौके पर कलेक्टर ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ भी दिलाई।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री प्रेमनारायण नागर ने देश में निर्वाचन प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि समय-समय पर देश में निर्वाचन प्रक्रिया में सुधार एवं परिवर्तन किया गया है। उन्होंने कहा कि वे 1951 से लगातार अपने मताधिकार का उपयोग कर रहे है। उन्होंने युवाओं से आवहान किया कि वे अपने मताधिकार का उपयोग अवश्य करें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर श्रीमती अनुग्रहा पी ने कहा कि लोकतंत्र में मतदान की महत्वपूर्ण भूमिका है। एक मत से उम्मीदवार की हार एवं जीत हो सकती है। प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह अपने मताधिकार का उपयोग करें। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि वे स्वयं मतदान करने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर मतदान के महत्व को बताते हुए उन्हें मतदान के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि सभी युवा आज यह संकल्प लें कि 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में वे अपने मताधिकार उपयोग करेंगे।
उन्होंने सभी के प्रयासों से जिले में विधानसभा निर्वाचन 2018 सफलतापूवर्क संपादित कराया गया। इसी प्रकार आगामी लोकसभा निर्वाचन भी संपादित कराए। उन्होंने कहा कि हम सभी को ऐसे संयुक्त प्रयास करने है कि मतदान का प्रतिशत 75 प्रतिशत तक रहे। कार्यक्रम को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री राजेश जैन ने कहा कि भारत वर्ष दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है, मतदाताओं में मतदान के प्रति रूचि बढ़ाने एवं जागरूक किए जाने हेतु राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आज आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि स्वीप गतिविधियों के कारण जिले में मतदान के प्रतिशत में काफी वृद्धि हुई है।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री अशोक चौहान ने भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुनील अरोड़ा के राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर भेजे गए संदेश का वाचन किया। कार्यक्रम के शुरू में उपजिला निर्वाचन अधिकारी श्री मकसूद अहमद ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 25 जनवरी 1950 को भारत निर्वाचन आयोग का गठन किया गया था। 25 जनवरी 2011 से राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन किया जा रहा है। यह नवां राष्ट्रीय मतदाता दिवस है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति जो 01 जनवरी 2019 में 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है, वे अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकता है, इसके लिए 26 दिसम्बर से 25 जनवरी 2019 तक विशेष फोटोयुक्त मतदाता संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य आयोग द्वारा संचालित किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले में 11 लाख 35 हजार से अधिक मतदाता है। श्री अहमद ने बताया कि शैक्षणिक संस्थाओं में युवाओं के नाम जोड़ने हेतु शिविर एवं रैलियों का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में अनुविभागीय दण्डाधिकारी शिवपुरी श्री अतेन्द्र सिंह गुर्जर, डिप्टी कलेक्टर श्री आर.बी.सिंडोस्कर, डिप्टी कलेक्टर श्री मनोज गरवाल मंचासीन थे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक श्री अनुराग द्विवेदी ने सभी के प्रति आभार श्री अतेन्द्र गुर्जर ने किया।
क्विज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु बीएलओ, अधिकारी एवं कर्मचारी सम्मानित
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों में आयोजित क्विज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं एवं मतदाताओं को जागरूक करने स्वीप गतिविधियों का संचालन एवं मतदाताओं के नाम जोड़ने में उल्लेखनीय कार्य करने वाले बीएलओ, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया।



0 टिप्पणियाँ