हरा भोपाल-शीतल भोपाल अभियान में सामाजिक सहभागिता लगातार बढ़ रही है। कमिश्नर श्रीमती कल्पना श्रीवास्तव द्वारा आज अभियान में सहभागिता के लिए बुलाई गई बैठक में शिक्षण संस्थाओं ने ही लगभग 25 हजार पौधों का मांग पत्र दिया। शिक्षण संस्थाओं का उत्साह देखते हुए श्रीमती श्रीवास्तव ने संस्थाओं के लिए 15 रूपये प्रति पौधे की दर को शिक्षण संस्थाओं के लिए 10 रूपये प्रति पौधा कर दिया। बैठक में एम्स के डायरेक्टर डॉ. सरमन सिंह, सीसीएफ श्री आर.के.तिवारी के अलावा अनेक महाविद्यालयों ,तकनीकी कालेज और शिक्षण संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित थे।
कमिश्नर ने भोपाल में पेड़ों की कमी के कारण पिछले 10-12 वर्षों में तापमान में हुई बेतहाशा बढ़ोत्तरी और भोपाल के लगातार गिर रहे भू-जल स्तर की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि बड़े तालाब सहित अन्य जल स्त्रोत में भी लगातार जल स्तर में कमी आ रही है। उन्होंने ग्रीन भोपाल-कूल भोपाल की अवधारणा और उपादेयता से भी बतायी। उन्होंने नगर में तालाब पुनर्जीवन की मिट्टी का उपयोग पौधरोपण में कर पौधों की बेहतर ग्रोथ की समझाइश भी दी।
इस दौरान अभियान के लिए तैयार वेबसाइट, मोबाइल एप, फेसबुक के अलावा नगर निगम, वन विभाग तथा सांची पार्लर पर पौधों की डिमांड के बारे में भी संस्थाओं को अवगत कराया गया। सर्वाधिक पांच-पांच सौ वृक्ष लगाने का संकल्प सागर पब्लिक स्कूल और इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल मिसरोद ने व्यक्त् किया। बैठक में अनेक शिक्षण और तकनीक संस्थाओं ने जल्द ही डिमांड देने का आश्वासन भी दिया है।
0 टिप्पणियाँ