ग्वालियर. बिजौली में एक महिला ने खुद पर डीजल डालकर आग लगाकर खुदकुशी कर ली। घरवालों ने जब तक आग को बुझाया वह काफी जल चुकी थी, कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। सुसराल वाले उसे मानसिक रूप से बीमार होना बता रहे हैं, लेकिन मायके पक्ष का कहना था दहेज के लिए परेशान किया जाता था। बिजौली थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।
पारसेन निवासी मंजू शर्मा (24) पत्नी जितेन्द्र शर्मा ने आग लगाकर खुदकुशी कर ली। मंजू और जितेन्द्र की करीब छह साल पहले शादी हुई थी। उनके 3 साल का बेटा और 4 महीेने की बेटी है। पति खेत पर गया हुआ था। सास दोनों बच्चों को लेकर छत पर बैठी थीं। उसी दौरान मंजू ने घर के आंगन में डीजल उढेला और आग लगा ली। आग से जलने के बाद वह उसे बच्चों की याद आई तो दौड़ लगाकर जीने चढ़कर छत की तरफ बढ़ी, लेकिन बच्चों के पास पहुंचने से पहले ही वह गिर गई। घरवालों और पड़ोसियों ने देखा तो दौड़कर आग बुझाई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
एक दिन पहले ही मायके से आई थी : मंजू का मायका सेथरी (महाराजपुरा) में है। पुलिस का कहना है कुछ दिन से वह मायके में थी। घटना से एक दिन पहले ही वह ससुराल आई थी। ससुरालवालों का कहना है कि मानसिक रूप से बीमार थी। उसकी झाड़ फूंक भी कराई थी। लेकिन मायका पक्ष का कहना है ससुरालवाले दहेज की मांग कर रहे थे। आए दिन परेशान किया जाता था।
0 टिप्पणियाँ