भोपाल शहर के उपनगर कोलार में आने वाले बैरागढ़ चीचली व आसपास की कॉलोनियों में रहने वाली 20 हजार की आबादी को अब तक केरवा डैम का पानी नहीं मिला सका है। लोगों को अब भी पानी की समस्या के लिए बैरागढ़ चीचली कोलार मुख्य मार्ग से निकलने वाली कोलार डैम की पाइपलाइन से ही पानी भरना पड़ रहा है। बता दें कि कोलार में 25 दिसंबर को केरवा डैम का पानी सप्लाई होने लगा था। यहां पर दो-दो लाख लीटर पानी की क्षमता की टंकियां बैरागढ़ चीचली, ललिता नगर, नयापुरा, बंजारी दशहरा मैदान और अमरनाथ के पास बनाई थीं। 50.10 करोड़ स्र्पये की केरवा पेयजल योजना के तहत बैरागढ़ चीचली की टंकी को छोड़कर बाकी चारों टंकियों से कॉलोनियों में पानी सप्लाई हो रहा है। सुबह 9 से 11 और शाम 4 से 6 बजे तक अलग-अलग इलाकों में केरवा डैम का पानी सप्लाई किया जा रहा है, लेकिन अब तक काम अधूरा होने से बैरागढ़ चीचली में बनी पानी की टंकी से पानी सप्लाई शुरू नहीं हुई है। इससे बैरागढ़, चीचली, गेहूंखेड़, अमराई सहित आसपास की अन्य कॉलोनियों में पानी की सप्लाई नहीं हुई है। इससे लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। निगम प्रशासन संबंधित एजेंसी से काम पूरा करा कर पानी की सप्लाई शुरू नहीं कर पा रहा है। वार्ड-81 में आने वाले बैरागढ़ चीचली व आसपास के इलाके में पानी सप्लाई नहीं होने से लोगों को मुख्य मार्ग से निकलने वाली कोलार पाइपलाइन से निकलने वाले पानी को डिब्बों से भरकर ले जाना पड़ता है। जिनके घरों में बोरिंग हैं, वो बोरिंग से पानी भरते हैं।
0 टिप्पणियाँ