इंदौर। स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए नगर निगम पेंटिंग कार्निवाल का आयोजन कर रहा है। इसके लिए निगम ने पेंट करें स्वच्छता की वाल, जीते आकर्षक पुरस्कार प्रतियोगिता शुरू की है। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए नागरिक या प्रतिभागी स्वच्छ भारत मिशन की वेबसाइट और निगम के नेहरू पार्क स्थित स्वच्छ भारत मिशन के ऑफिस में आवेदन दे सकते हैं।
प्रतियोगिता में लोगों को अपने घर, संस्थान और आसपास के क्षेत्रों की दीवारों पर स्वच्छता का संदेश देने वाली आकर्षक पेंटिंग बनाना होगी।
निगमायुक्त प्रतिभा पाल ने बताया कि जिन प्रतिभागियों की पेंटिंग सबसे अच्छी मानी जाएगी, निगम उन्हें आकर्षक पुरस्कार देगा। निगम द्वारा स्वच्छता का चौका जड़ने के बाद स्वच्छता का पंच लगाने के लिए यह विशेष अभियान शुरू किया गया है। निगम खुद भी शहरभर में दीवारों को सुंदर बनाने के उद्देश्य से आकर्षक चित्रकारी करवा रहा है। प्रतियोगिता आयोजित करने का उद्देश्य जागरूकता अभियान से लोगों को जोड़ना है।
स्वच्छ इंदौर 3-आर प्रतियोगिता भी
निगमायुक्त ने बताया कि नगर निगम पहले से 3-आर (रिड्यूस, रियूज, रिसाइकिल) के सिद्धांत पर काम कर रहा है। इसी कड़ी में नागरिकों को कार्यक्रम से जोड़ने के लिए स्वच्छ इंदौर 3-आर प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य वेस्ट से वेल्थ बनाने का है। प्रतियोगिता में शामिल होने के इच्छुक लोगों को घरों, संस्थानों से निकलने वाल वेस्ट का पुनर्उपयोग कर उनसे आकर्षक सामान बनाना होगा। नागरिक इसमें शामिल होकर आइ-फोन, आइ-पेड और लेपटॉप जैसे अन्य आकर्षक पुरस्कार जीत सकते हैं। इच्छुक नागरिक 2 दिसंबर तक स्वच्छ भारत मिशन की वेबसाइट पर या ट्रेंचिंग ग्राउंड स्थित वेस्ट कलेक्शन सेंटर पर 3 और 4 दिसंबर तक संपर्क कर सकते हैं।
0 टिप्पणियाँ