भोपाल में सोमवार को सेब की आवक 760 क्विंटल तक पहुंच गई। इससे भाव में और भी गिरावट हुई। 40 से 70 रुपये प्रति किलो तक भाव रहे। इस कारण आम लोगों की पहुंच में भी सेब पहुंच गया। फल व्यापारियों के अनुसार कश्मीर एवं हिमाचल प्रदेश से राजधानी में सेब आ रहा है। पिछले दो महीने से आवक अच्छी बनी हुई है। इसके चलते ही लोगों को भी सेब सस्ता मिल रहा है।
लॉकडाउन के दौरान सेब के भाव 300 रुपये किलो तक पहुंच गए थे, लेकिन अगस्त में हिमाचल प्रदेश एवं कश्मीरी सेब की आवक शुरू हो गई। इस कारण भाव भी कम हो गए थे। सितंबर एवं अक्टूबर में आवक डेढ़ हजार क्विंटल के पार हो गई थी। वर्तमान में आवक जरूरी आधी हो गई है, लेकिन थोक में भाव कम है। अच्छी क्वॉलिटी के सेब की कीमत 70 रुपये किलो तक है, जो फुटकर बाजार में पहुंचकर 80 से 100 रुपये किलो तक में बिक रहा है। थोक फल व्यापारी इमराम कुरैशी ने बताया कि जनवरी तक सेब सस्ता ही मिलेगा।
दीपावली में भी सस्ते ही रहे फल
अमूमन दीपावली के दिनों में फलों के भाव बढ़े हुए रहते हैं, लेकिन इस बार लगभग सभी फलों की आवक अच्छी होने के कारण भाव कम ही रहे। सेब 60 से 100 रुपये, अनार 50 से 80 रुपये, अमरूद 30 से 40 रुपये किलो में बिका, जबकि केला 30 से 40 रुपये प्रति दर्जन रहा। दीपावली के बाद रविवार व सोमवार को भी भाव कम ही रहे।

0 टिप्पणियाँ