ग्वालियर । मैं डबरा से चुनाव हारी नहीं हूं। चुनाव मैंने जीता है। भाजपा को डबरा में 30 हजार वोट मिलते थे। मैं 60 हजार मत लेकर आई हूं। भाजपा के मतों को दोगुना किया है। यह बात डबरा से भाजपा की प्रत्याशी रही इमरती देवी ने नईदुनिया से बातचीत में कही।
उल्लेखनीय है कि डबरा विधानसभा सीट पर तीन बार की विधायक रही इमरती देवी सुमन को इस बार उपचुनाव में हार का सामना करना पड़ा है। उनको कांग्रेस के सुरेश राजे ने 7663 वोटों से हराया है। उपचुनाव हारने के बाद मंत्री इमरती देवी ने नईदुनिया से चर्चा में कहा कि कोई बात नहीं हार गए तो क्या है। अगली बार फिर चुनाव जीतेंगे। बस दो साल की ही तो बात है। आपको बता दें कि मंत्री इमरती देवी कांग्रेस छोड़कर ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ भाजपा में शामिल हो गई थीं। कांग्रेस में रहते उनको हर बार चुनाव में जनता का अपार समर्थन मिलता रहा है। इस बार उनकी सीट हाथ से फिसल गई। उनको आगे जीत की पूरी उम्मीद है। इधर मीडिया से चर्चा के दौरान इमरती देवी ने कहा कि हमारी सत्ता है, सरकार है, हमारी तो जीत हुई है। अभी तक भाजपा डबरा सीट पर 30 हजार वोटों पर रहती थी लेकिन मैंने दोगुने करके दिए हैं। मैंने हार का सामना नहीं बल्कि जीत का सामना किया है। उन्होंने पार्टी छोड़ने को लेकर कहा कि उन्होंने अपनी मर्जी से कांग्रेस छोड़ी थी। कमल नाथ जी ने क्षेत्र विकास के लिए कोई सहयोग नहीं किया। इसलिए कांग्रेस को छोड़ दिया। इमरती देवी ने कहा कि मैं पहले भी जनता के साथ थी और आज भी हूं। जनता ने मेरा हमेशा साथ दिया है। इमरती देवी ने सुरेश राजे को लेकर कहा कि वे जीत भले ही गए पर क्षेत्र में एक हैंडपंप तक नहीं लगवा पाएंगे।
0 टिप्पणियाँ