भोपाल राजधानी में कोरोना वायरस कहर बरपा रहा है। हर रोज रिकॉर्ड संख्या में संक्रमित मिल रहे हैं। इसके चलते विभिन्न व्यापारिक संगठनों ने रात आठ बजे से दुकानें बंद करने का निर्णय लिया था, लेकिन व्यापारियों को उक्त निर्णय रास नहीं आ रहा है और वे रात 9.30 बजे बाद ही दुकानें बंद कर रहे हैं। उनका कहना है कि संगठनों ने दुकानें जल्दी बंद करने को लेकर उनसे कोई सहमति नहीं ली। इसलिए दुकानें जल्दी बंद नहीं की जा रही है।
बता दें कि न्यू मार्केट, लखेरापुरा, कोलार, बिठ्ठन मार्केट, इंद्रपुरी, दस नंबर समेत जुमेराती, जनकपुरी व हनुमानगंज थोक किराना बाजार के व्यापारिक संगठन पदाधिकारियों ने 20 नवंबर को न्यू मार्केट में बैठक की थी और 21 नवंबर से दुकानों को रात में आठ बजे से बंद करने का निर्णय लिया था। थोक किराना दुकानें तो तय समय पर ही बंद की जा रही है, लेकिन अन्य बाजारों में निर्णय का पहले दिन से ही पालन नहीं हो रहा है। इसे लेकर पदाधिकारियों एवं व्यापारियों के अलग-अलग मत सामने आ रहे हैं। कोलार में कपड़ा व्यापारी संतोष अग्रवाल ने बताया कि लग्नसरा होने से ग्राहकी अच्छी चल रही है। दूसरी ओर ठंड होने से गर्म कपड़ों का कारोबार भी चल रहा है। इसलिए आठ बजे से दुकान बंद नहीं कर पाते हैं। बाजार जल्दी बंद करने को लेकर एकरूपता भी नहीं है।
संगठन के पदाधिकारी बोले
हालांकि, राजधानी में रात 10 से सुबह छह बजे के बीच रात्रि कर्फ्यू लगाया जा रहा है। ऐसे में पुलिस सख्ती करते हुए रात साढ़े नौ बजे तक हर हाल में दुकानें बंद करवा रही है। दुकान बंद न करने वालों पर जुर्माने की कार्रवाई भी हो रही है। जिसका असर देखने को मिल रहा है। इससे पहले रात 11 से 12 बजे तक दुकानें चालू रहती थी।

0 टिप्पणियाँ