ग्वालियर, स्वदेशी जागरण मंच के तत्वावधान में रविवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें मंच के ग्वालियर, शिवपुरी, भिंड, मुरैना, श्योपुर, दतिया, गुना, अशोक नगर जिले के 100 से अधिक सक्रिय कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में श्रद्धेय दत्तोपंत ठेंगड़ी जन्म शताब्दी समारोह वर्ष के कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। साथ ही 27 रोजगार अर्थ सृजग योद्धाओं को सम्मान पत्र भेंट किया गया।
इस दौरान ठेंगड़ी जी के विचारों को दोहराते हुए पदाधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण की गुणवत्ता देश के विकास में जरूरी है। सृष्टि के मूल से समाज को जोड़ने का काम कर रहे गरीब गणेश की तरह हैं, वहीं गांव तीर्थ हैं। यदि सभी विश्व को सुंदर मानकर काम करें, तो विश्व को और भी सुंदर बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में राष्ट्रीय संगठन मंत्री कश्मीरी लाल, प्रांतीय संयोजक अरुषेंद्र शर्मा, सहसंयोग श्रीकांत बुधौलिया, प्रांत प्रचार प्रमुख संजीव गोयल, ग्वालियर विभाग संयोजक डॉ.लोकेंद्र सिंह कामर, महानगर संयोग केसी शर्मा आदि मौजूद रहे।
झलकारी बाई की जयंती पर निकला चल समाराेहः वीरांगना झलकारी बाई की जयंती पर रविवार को कई कार्यक्रमाें का आयाेजन हुआ। इस दौरान सामाजिक, राजनीतिक संगठन आकाशवाणी तिराहा स्थित झलकारी बाई पार्क पर पहुंचे और पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा ने रविवार को वीरांगना की जयंती पर नमन करते हुए शहर के विभिन्न प्रतिभाशाली होनहार छात्राओं व समाजसेवी महिला बुद्धिजीवियों को सम्मानित किया। मध्यप्रदेश अनुसूचित जाति जनजाति अधिकारी एवं कर्मचारी संघ द्वारा भी वीरांगना की जयंती मनाई गई। 191वीं जयंती के अवसर पर सम्मान समारोह कार्यक्रम सुबह 11 बजे झलकारी बाई पार्क पर आयोजित किया गया। इस अवसर पर चल समाराेह भी निकाला गया।

0 टिप्पणियाँ