इंदौर, कोरोना वायरस का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा। सोमवार को साउथ तुकोगंज क्षेत्र में एक दर्जन, सुदामा नगर में 10 और तिलक नगर में आठ नए मरीज मिले हैं। इन तीनों इलाकों में इसके पहले बड़ी संख्या में कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक सोमवार को इसके अलावा वंदना नगर, चोइथराम अस्पताल, नेमी नगर एक्सटेंशन और बिजासन कॉलोनी में सात-सात नए मरीज मिले हैं। जूना रिसाला में तीन नए मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है।
अब तक शहर के लगभग सभी इलाकों में कोरोना के मरीज मिल चुके हैं। सोमवार को भी किसी नए इलाके में मरीज नहीं मिला। सभी 516 मरीज उन्हीं इलाकों से हैं जहां पहले मरीज मिल चुके हैं। 32 मरीज ऐसे भी हैं जिनका पूरा पता नहीं होने से उनके क्षेत्र की जानकारी नहीं मिल सकी। इसके अलावा चार मरीज शहर के बाहर से हैं। सोमवार को जूनी इंदौर, राजमोहल्ला, गुमाश्ता नगर, त्रिवेणी कॉलोनी, एमजी रोड, अग्रवाल नगर, साकेत नगर, बिचौली हप्सी में छह-छह मरीज मिले। खजराना, विजय नगर, परदेशीपुरा, अन्नपूर्णा मेनरोड, सुखलिया, गोकुलगंज, श्याम नगर एनेक्स, बिचौली मर्दाना, महेश नगर और बॉम्बे अस्पताल के आसपास पांच-पांच मरीज मिले। 103 इलाके ऐसे हैं, जहां सोमवार को सिर्फ एक-एक कोरोना मरीज मिला।
पुराने इलाकों में मिलने लगे मरीज
खजराना, जूना रिसाला इलाकों में कोरोना पॉजिटिव मिलने से चिंता बढ़ने लगी है। इन इलाकों में कोरोना की दूसरी लहर में बड़ी संख्या में मरीज मिले थे लेकिन सख्ती और जागरुकता के चलते स्थिति नियंत्रित हो गई थी।

0 टिप्पणियाँ