भोपाल अनाज मंडियों में गेहूं की आवक बरकरार है। भोपाल की करोंद मंडी में ही एक हजार बोरी प्रतिदिन गेहूं बिकने आ रहा है। किसानों को भी अच्छे भाव मिल रहे हैं। अच्छी क्वॉलिटी का गेहूं दो हजार रुपये प्रति क्विंटल है। इस साल गेहूं की समर्थन मूल्य पर भी रिकॉर्ड खरीदी हुई थी। इधर, सीजन होने के बावजूद सोयाबीन की आवक में कमी आई है। वर्तमान में 400 क्विंटल सोयाबीन भी प्रतिदिन बिकने नहीं आ रहा है। इससे कारोबार खासा प्रभावित हुआ है।
करोंद मंडी में सीजन के समय सोयाबीन की प्रतिदिन की आवक पांच हजार क्विंटल तक होती है, लेकिन इस बार अतिवृष्टि एवं अफलन की वजह से सोयाबीन फसल खासी प्रभावित हुई है। इस कारण मंडियों में भी सोयाबीन की आवक न के बराबर है। पिछले तीन दिन में औसत 300 क्विंटल सोयाबीन ही बिकने आया। दूसरी ओर गेहूं की आवक अच्छी है। मंगलवार को 1700 क्विंटल से अधिक आवक हुई थी, जबकि बुधवार को करीब डेढ़ हजार क्विंटल गेहूं की आवक रही। किसानों को भाव भी 1312 से 2040 रुपये प्रति क्विंटल तक मिले।
भोपाल समेत प्रदेशभर में गेहूं की हुई थी रिकॉर्ड खरीदी
इस साल भोपाल समेत पूरे प्रदेश में समर्थन मूल्य पर रिकॉर्ड गेहूं खरीदा गया था। इसके बाद भी प्रदेशभर की मंडियों में गेहूं की आवक बनी हुई है, जबकि इस समय सोयाबीन की आवक रहती है। करोंद मंडी के अनाज व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष हरीशकुमार ज्ञानचंदानी ने बताया कि गेहूं की अच्छी आवक बनी हुई है। अमूमन इस समय तक सोयाबीन अच्छी मात्रा में बिकने आता है, पर इस बार फसल बिगड़ने के कारण सोयाबीन कम ही आ रहा है।

0 टिप्पणियाँ