भोपाल व्यापारिक संस्था कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) का भोपाल संभागीय सम्मेलन जनवरी माह में होगा। यह निर्णय कैट मध्यप्रदेश के चेयरमैन मुरली हरवानी की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित वेबिनार में लिया गया। इसमें प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र जैन भी शामिल रहे। पदाधिकारियों की सहमति से भोपाल के व्यवसायी सुनील जैन को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया। भोपाल के नए जिलाध्यक्ष को लेकर भी चर्चा की गई।
कैट प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र जैन ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बीसी भरतिया, राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल जी की स्वीकृति और अनुशंसा के बाद व्यवसायी सुनील जैन को उपाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है। वेबिनार में प्रदेश संयुक्त अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने बताया कि भोपाल संभाग के पांचों जिले भोपाल, विदिशा, सीहोर, रायसेन व राजगढ़ में कैट की कार्यकारिणी का गठन हो चुका है। भोपाल के नए जिलाध्यक्ष को लेकर 15 दिसंबर तक निर्णय ले लिया जाएगा। इसके बाद संभागीय सम्मेलन आयोजित करेंगे। वेबिनार में वरिष्ठ उपाध्यक्ष संतोष अग्रवाल, महामंत्री मुकेश अग्रवाल, प्रदेश संगठन मंत्री गोविंददास असाटी, प्रदेश कोषाध्यक्ष मनोज चौरसिया, नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील जैन, प्रदेश उपाध्यक्ष अंशु गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष रवि तलरेजा आदि ने भी अपने सुझाव दिए।
यह निर्णय भी लिए
वेबिनार में यह निर्णय भी लिया गया कि प्रदेश के सभी थाना स्तर पर व्यापारिक समितियों का गठन जल्द किया जाएगा। साथ ही ई-कॉमर्स व्यापार में ऑनलाइन कंपनियों द्वारा जो गलत तरीके से छोटे व्यापारियों के साथ अन्याय किया जा रहा है, उस पर भी चर्चा की गई। इसे लेकर राष्ट्रीय स्तर पर आंदोलन करने का भी निर्णय लिया गया। व्यापारियों से आह्वान किया गया कि उक्त राष्ट्रीय स्तर के आंदोलन में निचले स्तर के व्यापारियों को भी जोड़ा जाए।

0 टिप्पणियाँ