Music

BRACKING

Loading...

संत हिरदाराम नगर की वन ट्री हिल्स टेकरी पर शिव मंदिर बनाने की मांग



भोपाल,  राजधानी भोपाल में स्थित ईदगाह हिल्स का नाम बदलकर गुरुनानक टेकरी किए जाने की मांग के बाद अब संत हिरदाराम नगर के भाजपा नेताओं ने यहां की ऐतिहासिक वन ट्री हिल्स टेकरी को हिंदू तीर्थस्थल बनाने की मांग उठाई है। भाजपा नेताओं का कहना है कि टेकरी पर मजार के बजाय शिव मंदिर बनाकर इसे हिंदू तीर्थस्थली बनाने की शुरुआत की जानी चाहिए।

हाल ही में विधानसभा के सामयिक अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा ने ईदगाह क्षेत्र का नाम गुरुनानक टेकरी रखने का सुझाव दिया था। सिख समाज एवं सिंधी समाज ने इस मांग का समर्थन किया था। अब विधायक रामेश्वर शर्मा के समर्थकों ने वन ट्री हिल्स टेकरी को हिंदू तीर्थस्थली बनाने की मांग शुरू कर दी है। भाजपा नेता मनीष बागवानी का कहना है कि वन ट्री हिल्स पर किसी समय केवल एक पेड़ हुआ करता था, इसी कारण इसका नाम वन ट्री हिल्स पड़ गया। यह पेड़ धार्मिक आस्था का केंद्र था, जहां शिवजी की पूजा होती थी। बाद में वहां दरगाह बना दी गई। टेकरी पर शिव मंदिर बनाकर इसे तीर्थस्थली बनाने की शुरुआत की जानी चाहिए।

भूमिपूजन के बाद भी नहीं बन सका था पर्यटन स्थल

तीन साल पहले वन ट्री हिल्स क्षेत्र को विकसित करने के लिए रामेश्वर शर्मा ने भूमिपूजन किया था, लेकिन जमीन के विवाद के कारण काम शुरू नहीं हो सका। बताया जाता है कि वक्फ बोर्ड ने जमीन पर अपना हक बताया था, इस कारण काम अटका रहा। यह काम मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम की ओर से किया जाना था। वर्तमान में टेकरी पर पीर बाबा जलालुद्दीन साहब की दरगाह बनी है। यहां हर साल उर्स का आयोजन होता है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं। ऊंचाई पर बनी टेकरी से पूरे बैरागढ़ का मनोरम दृश्य नजर आता है। राजा भोज एयरपोर्ट भी यहां से दिखाई देता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ