ग्वालियर - मोहना हाइवे पर अटा हनुमान मंदिर के सामने बुधवार की आधी रात को ट्रक में डंपर घुस गया। ट्रक से टकराने के कारण डंपर का अगला हिस्सा अंदर घुस गया। डंपर के केबिन में फंस जाने के कारण चालक सुरेश बघेल की मौके पर ही मौत हो गई। मोहना थाना पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
मोहना थाना प्रभारी महेश शर्मा ने बताया कि सुरेश(34) पुत्र सीताराम बघेल निवासी सुभाषपुरा जिला शिवपुरी डंपर चालक है। बुधवार की रात को सुरेश डंपर में मिट्टी भरकर शिवपुरी से ग्वालियर की तरफ जा रहा था। एबी रोड पर अटा हनुमान मंदिर के सामने सुरेश के डंपर के आगे ट्रक चल रहा था। बताया गया है कि किसी कारण से ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। डंपर की रफ्तार अधिक होने के कारण सुरेश बघेल डंपर पर नियंत्रण नहीं रख पाया और ट्रक में घुस गया। ट्रक से टकराने के कारण डंपर का अगला हिस्सा अंदर घुस गया। जिससे चालक ड्राइविंग सीट पर फंसा रह गया।
पुलिस ने बड़ी मुश्किल से डंपर चालक को बाहर निकालाः
हाइवे पर डंपर व ट्रक के टकराने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आधी रात को मंदिर पर मौजूद लोगों की मदद से डंपर चालक को केबिन से बाहर निकाला। पुलिस ने बताया कि डंपर चालक की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद चालक के शव काे डाक्टरी परीक्षण के लिए डेड हाउस भेज दिया। पुलिस ने गुरुवार की सुबह सुरेश बघेल के शव का पीएम कराने के बाद स्वजन को सौप दिया है। मोहना थाना पुलिस ने घटनास्थल से डंपर व ट्रक को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

0 टिप्पणियाँ