मुरैना। जिले में कोरोना मरीजों की संख्या में निरंतर इजाफा हो रहा है। जिले में अभी तक कुल 310 एक्टिव केस हैं। जिसमें से 42 लोग जिला अस्पताल में भर्ती हैं तथा बाकी को अपने-अपने घरों में आईसोलेट किया हुआ है। इतनी अधिक गति से बढ़ रही मरीजों की संख्या को देखते हुए कलेक्टर बक्की कार्तिकेयन ने फैसला लिया था कि मरीजों को अस्पताल की निर्माणाधीन नई इमारत में
शिफ्ट कर दिया जाएगा। नई इमारत जिला अस्पताल के ठीक पीछे मौजूद है। गत सोमवार तक इनको शिफ्ट करने के मौखिक आदेश दे दिए गए थे। लेकिन उसके बावजूद आज गुरुवार बीतने को है लेकिन अभी तक कोरोना मरीजों को वहां शिफ्ट नहीं किया गया है।
जिले में दिनों दिन बढ़ रही कोरोना मरीजों की संख्या को देखते हुए पहले शनिवार-रविवार का लॉकडाउन लगाया गया था। लेकिन जब उसके बावजूद इसकी रफ्तार नहीं थमी तथा लोग पॉजीटिव निकलते रहे, तो इसको बढ़ाकर सोमवार, मंगल व बुधवार तक बढ़ा दिया गया है। फिलहाल यह प्लानिंग एक सप्ताह की बताई जाती है। अहम बात यह है कि इसके बावजूद शहरवासी नहीं मान रहे हैं और बाजारों में भीड़ उमड़ रही है। कुछ लोग तो मुंह पर मास्क लगाना भी जरूरी नहीं समझ रहे हैं।88 बैड की क्षमता है जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में
जिले के आरएमओ डॅा. पदमेश उपाध्याय के मुताबिक जिला अस्पताल के आईसोलेशन वार्ड में जहां वर्तमान में कोरोना मरीजों को रखा गया है, उसकी क्षमता 88 बैडों की है जबकि वर्तमान में केवल 42 मरीज ही भर्ती हैं।
मंगलवार से हो सकती है मरीजों की शिफ्टिंग
इस संबंध में जब जिले के आरएमओ से बात की तो उन्होंने बताया कि अस्पताल की नई इमारत में अभी काम चल रहा है। यह काम हाउसिंग बोर्ड द्वारा किया जा रहा है। कलेक्टर के साथ बैठक में हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों ने कहा है कि अभी वे हर बैड के पास ऑक्सीजन के सिलेंडर की व्यवस्था नहीं कर सके हैं इसलिए उन्हें एक सप्ताह की मोहलत दे दी जाए। लिहाजा सोमवार तक की मोहलत कलेक्टर ने उन्हें दे दी है। मंगलवार से नई इमारत में कोरोना मरीजों को शिफ्ट किया जा सकता है।

0 टिप्पणियाँ