कहानी पति-पत्नी और “वो’ का है। घमापुर निवासी महिला ने पति और उसकी प्रेमिका की धमकी से आहत होकर जहर खा लिया। महिला का पति रंगीन मिजाज का है। उसकी दूसरी महिला से प्रेम संबंध हैं। उसने सारी कमाई प्रेमिका पर लुटा दी। अब पैसे नहीं हैं तो दोनों मिलकर महिला को प्रताड़ित कर रहे थे। पति की प्रेमिका महिला के घर आ गई। धमकी दी कि 10 लाख रुपए दो, नहीं तो तेरे पति को रेप में फंसा दूंगी।
घमापुर क्षेत्र निवासी 45 वर्षीय वंदना ने शुक्रवार को जहर खा लिया था। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। अस्पताल की सूचना पर पहुंची घमापुर पुलिस को बयान में पीड़िता ने बताया कि उसके पति अनिल के सौम्या नाम की महिला से भी प्रेम संबंध हैं। अनिल पूरी कमाई उस पर लुटाता रहा। इसे लेकर उसकी गृहस्थी में रोज चिकचिक होती थी।
धमकी देकर 10 लाख वसूली करने पहुंच गई
पति और उसकी प्रेमिका मिलकर वंदना को प्रताड़ित करते हैं और ब्लैकमेल करते रहते हैं। दोनों ब्लैकमेल कर पूरी गृहस्थी बर्बाद कर चुके हैं। परिवार के पास एक चक्की है, उसी से गृहस्थी की गाड़ी चल रही है। शुक्रवार को सौम्या फिर वंदना के घर पहुंची। धमकी देकर बोली कि उसे 10 लाख रुपए दे दो, नहीं तो तेरे पति को रेप में फंसा दूंगी।
पति और उसकी प्रेमिका के खिलाफ FIR दर्ज
दोनों की प्रताड़ना से परेशान होकर उसने बड़ी संख्या में नींद की गोली खा ली। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। वंदना की शिकायत पर घमापुर पुलिस ने पति अनिल और उकी प्रेमिका सौम्या के खिलाफ धारा 498 ए, 384, 34 भादवि का प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है। घमापुर टीआई दिलीप श्रीवास्तव के मुताबिक पीड़िता की हालत अब खतरे से बाहर है।

0 टिप्पणियाँ