शिवपुरी फिल्म स्टार चाहे सलमान खान हो या ऋतिक रोशन। जब तक फिल्म पूरी नहीं बन जाती तब तक ही इन्हें फिट रहना होता है और खुद का ग्लैमर बनाए रखने के लिए यह अपनी फिटनेस बनाए रखते हैं। लेकिन एक पुलिसकर्मी को तो 24 घंटे फिट रहने की आवश्यकता है।
वह इसलिए क्योंकि अपराध किस समय कहां घटित हो जाए, उसका पता नहीं, लेकिन पुलिस यदि फिट है, चुस्त-दुरुस्त है तो फिर अपराधी भी अपराध करने से भय खाते हैं इसलिए पुलिस कर्मियों को योग, आसन, बैलेंस डाइट, नियमित दिनचर्या और मॉर्निंग वॉक से फिटनेस पर ध्यान देना चाहिए। यह बात एसपी राजेश सिंह चंदेल ने पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित हुए योगाभ्यास शिविर के प्रथम सत्र को संबोधित करते हुए कही।
इस दौरान उन्होंने साल में एक बार पुलिसकर्मियों में से किसी एक पुलिसकर्मी को वैस्टकोप का सम्मान देने की घोषणा भी की। जिसके तहत सबसे पहला बेस्टकोप पुरस्कार तेंदुआ में पदस्थ सब इंस्पेक्टर सुरेश शर्मा को दिया गया। वहीं कम्युनिटी हॉल में पुलिस कर्मियों को डाइट प्लान की जानकारी देते हुए मेडिकल कॉलेज के डाइटिशियन विशेषज्ञ डॉक्टर विष्णु गुप्ता ने कहा कि जितने भी पुलिसकर्मी डायबिटीज से ग्रसित हैं वह एक साथ भोजन न लें।
62 साल की उम्र में सुरेश शर्मा ने शीर्षासन लगाकर कहा- ऐसे आसन लगाओगे तो तनाव मुक्त रहोगे
एसपी राजेश सिंह चंदेल की मौजूदगी में अपने साथी पुलिसकर्मियों को योग के मयूरासन और शीर्षासन का प्रदर्शन करते हुए 62 साल के सब इंस्पेक्टर सुरेश शर्मा ने जब शीर्षासन लगाया तो मौजूदा पुलिस कर्मियों ने जोरदार तालियां बजाकर उनका अभिनंदन किया। आयोजन के दौरान जहां यातायात प्रभारी रणवीर यादव ने महज 11 सेकंड में 100 मीटर की दौड़ पूरी की। वही सब इंस्पेक्टर रामसेवक उपाध्याय ने भी योग के विभिन्न आसन प्रदर्शित कर मौजूदा लोगों का दिल जीता। कुल मिलाकर पुलिस कर्मियों को योग के विभिन्न आसन के माध्यम से योगाचार्य ज्योति सेन और सुरेश शर्मा ने कई आसन लगाकर दिखाए। समापन सत्र में एसपी ने सभी थाना प्रभारी की बैठक लेकर उन्हें क्राइम रोकने के साथ-साथ खुद को फिट रहने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर एडिशनल एसपी प्रवीण भूरिया के साथ अन्य एसडीओपी और पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।
152 कार्यावाहक एएसआई व प्रधान आरक्षकों काे प्रशिक्षण दिया
शहर के पुलिस कम्युनिटी हॉल शिवपुरी में पदोन्नत हुए 112 कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) 112 और 40 प्रधान आरक्षकों के लिए दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विवेचना में होने वाली गलतियां, कमियां सहित अन्य बिंदुओं पर दिशा-निर्देश दिए गए।

0 टिप्पणियाँ